क्रिसमस को सजे बाजार, द्रोणनगरी पर चढ़ा खुमार

जैसे-जैसे दिन कम हो रहे हैं, हर किसी पर क्रिसमस का खुमार बढ़ता जा रहा है। इस बार क्रिसमस-ट्री, सांता कॉस्च्यूम के अलावा म्यूजिकल सांता क्लॉज आर्कषण का केंद्र हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 22 Dec 2017 01:54 PM (IST) Updated:Fri, 22 Dec 2017 09:34 PM (IST)
क्रिसमस को सजे बाजार, द्रोणनगरी पर चढ़ा खुमार
क्रिसमस को सजे बाजार, द्रोणनगरी पर चढ़ा खुमार

देहरादून, [जेएनएन]: क्रिसमस-डे के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। जैसे-जैसे दिन कम हो रहे हैं, हर किसी पर क्रिसमस का खुमार बढ़ता जा रहा है। बाजार की बात करें तो इस बार क्रिसमस-ट्री, सांता कॉस्च्यूम के अलावा म्यूजिकल सांता क्लॉज आर्कषण का केंद्र हैं। बच्चे तरह-तरह के म्यूजिक सांता को खूब पसंद कर रहे हैं। वहीं व्यापारियों ने भी क्रिसमस की पूरी तैयारी कर ली है। प्रमुख बाजारों में तमाम दुकानें क्रिसमस के साजो-सामान से पटी हैं और लोग भी बड़ी संख्या में खरीदारी को उमड़ रहे हैं।

पाश्चात्य संस्कृति का प्रमुख और बेहद खास त्योहार क्रिसमस भारत में भी खासा लोकप्रिय हो चुका है। दून की बात करें तो यहां भी हजारों लोग क्रिसमस को धूमधाम से मनाते हैं। चर्च आदि में तो क्रिसमस पर विशेष आयोजन होते ही हैं, लोग घरों या सार्वजनिक स्थलों में क्रिसमस बड़े उल्लास के साथ मनाते हैं। क्रिसमस के त्योहार में चंद दिन बाकी हैं और द्रोणनगरी भी पूरी तरह क्रिसमस के रंग से सराबोर हो चुकी है।

लोग घरों में क्रिसमस की तैयारियां कर रहे हैं, तो दून के बाजार भी लाल और सफेद रंग में गुलजार नजर आ रहे हैं। प्रमुख बाजारों में क्रिसमस के साजो-सामान से तमाम दुकानें पटी हुई हैं। बड़ी संख्या में भीड़ खरीदारी को उमड़ रही है। वहीं व्यापारियों की भी चांदी कट रही है। क्रिसमस पर लोग सांता क्लॉज के स्वागत के लिए अपने घरों में कोई कसर नहीं छोड़ते। बाजार में क्रिसमस-ट्री, पाइन-ट्री, कई डिजाइन की क्रिसमस-बेल्स, सांता क्लॉज ड्रेस, स्टॉकिंग, प्लफी सांता की खरीदारी हो शुरू हो गई है। 

इस बार बच्चों के लिए 'म्यूजिकल सांता' नए कलेवर में नजर आ रहे हैं। इनमें कई तरह के मूड में सांता म्यूजिक में उपलब्ध हैं। कनक चौक स्थित एक शॉप के स्वामी ने बताया कि इन सांता म्यूजिकल ट्वाय को बच्चे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इनमें स्लीपिंग सांता, सॉफ्ट सांता, ड्रम सांता, चिमनी, स्टैंडिंग सांता, हॉर्स राइडिंग सांता हैं।

क्रिस्टल्स से सजेगा क्रिसमस-ट्री क्रिसमस-ट्री को सजाने का ट्रेंड मुख्य है। हर कोई क्रिसमस-ट्री को आकर्षक रूप से सजाने की कोशिश करता है। इसके लिए बाजार में क्रिस्टल के कई सजावटी उत्पाद आए हैं। इनमें क्रिस्टल स्टार, क्रिसमस स्नोफ्लैग, रिएंडस्टी, टॉल्स, बल्डर्स हैं। ये क्रिसमस-ट्री को और भी आकर्षक लुक देंगे। 

वॉल स्टीकर्स भी हैं खास

इस बार नए-नए स्टीकर्स भी आए हैं। इनमें आकर्षक डिजाइन के 2-डी, 3-डी वॉल स्टीकर्स हैं। जबकि वॉल पोस्टर भी खासे आकर्षक हैं। 

नए साल और क्रिसमस के जश्न पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

क्रिसमस और नए साल के जश्न में कानून व्यवस्था की धज्जियां न उड़े। इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चौकस करना शुरु कर दिया है। डीजीपी ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को सर्कुलर जारी करते हुए जश्न के दौरान कड़ी सुरक्षा और अतिरिक्त फोर्स तैनाती के आदेश दिए हैं। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था भी दुरस्त रखने को कहा गया है।  

डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी ने क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने आ रहे दूसरे प्रांतों के पर्यटकों से कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील है। उन्होंने कहा कि सरकारी और प्राइवेट कंपनियों की छुट्टियां होने से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां के पर्यटन स्थलों की सैर करने आते हैं। इस दौरान कई बार स्वयं के जश्न मनाते हुए दूसरे की शांति में खलल पड़ता है। ऐसे में समय पर सभी एसपी और एसएसपी अपने जिलों में सुरक्षा बल बढ़ाने के साथ ही प्लान तैयार करें।

डीजीपी ने साफ कहा कि मेहमानों का स्वागत है। मगर, कानून का उल्लंघन किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इसके लिए समय रहते ऐसे भीड़भाड़ वाले पर्यटक स्थलों पर सिविल, ट्रैफिक और पीएसी तैनात करने के भी निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने कहा कि पर्यटक स्थलों की सैर को पहुंचने वाले पर्यटकों से अचानक वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था का सही तरीके से संचालन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पार्किंग, ट्रैफिक फोर्स और सघन चेकिंग के भी निर्देश दिए हैं। 

यहां बढ़ेगी ज्यादा भीड़

हरिद्वार, ऋषिकेश, दून, चकराता, मसूरी, टिहरी, लैंसडौन, पौड़ी, खिर्सू, उत्तरकाशी, हर्षिल, जोशीमठ, औली, चोपता, नैनीताल, रानीखेत, रामनगर, हल्द्वानी आदि स्थानों पर जश्न मनाने वालों की भीड़ बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें: शीतकाल में नृसिंह मंदिर में होगी शंकराचार्य की गद्दी की पूजा

यह भी पढ़ें: बर्फबारी के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट

chat bot
आपका साथी