इस कॉलोनी की हर गली में है कचरा, अतिक्रमण से लोग परेशान

नेहरू कॉलोनी वार्ड के अधिकांश हिस्से में गंदगी और अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। कॉलोनी के पार्क में ताले लगे हैं साथ ही गंदगी की फैली हुई है।

By BhanuEdited By: Publish:Wed, 09 Jan 2019 10:02 AM (IST) Updated:Wed, 09 Jan 2019 10:02 AM (IST)
इस कॉलोनी की हर गली में है कचरा, अतिक्रमण से लोग परेशान
इस कॉलोनी की हर गली में है कचरा, अतिक्रमण से लोग परेशान

देहरादून, जेएनएन। नेहरू कॉलोनी वार्ड के अधिकांश हिस्से में गंदगी और अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। रिस्पना नदी में बढ़ती गंदगी के समाधान को लेकर ठोस योजना न बनाए जाने से नदी के समीपवर्ती लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। कॉलोनी के पार्क में ताले लगे हैं साथ ही गंदगी की फैली हुई है। इससे बच्चे सड़कों और घर की छतों पर खेलने को मजबूर हैं।

रिस्पना नदी से शुरू होने वाले नेहरू कॉलोनी वार्ड की चहारदीवारी हरिद्वार रोड, धर्मपुर और रिंग रोड तक लगी हुई है। यहां आबादी में तो इजाफा हुआ, लेकिन असुविधाएं जस की तस बनी हुई हैं। रिस्पना नदी में सीवर सहित तमाम गंदगी सीधे नदी में डाली जा रही है। इससे पास रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। 

इसी तरह कॉलोनी की भीतर की सड़कों में नालियां का निर्माण नहीं हुआ है। इससे सड़क पर कचरा और पानी हमेशा फैला रहता है जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 

वार्ड के जी, एच, आइ, डी और ई ब्लॉक के अधिकांश हिस्से में अतिक्रमण और गंदगी आम बात है। ऊपर से स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोग अंधेरे में आवाजाही कर रहे हैं। नए बोर्ड बनने के बाद यहां निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। पहले से समस्याओं से घिरे इस वार्ड में अब नए पार्षद के सामने भी कई चुनौती बनी हुई है। 

इधर, कॉलोनी के बीच बच्चों के खेलने से लेकर सामुदायिक गतिविधियों के लिए पार्क बने हुए हैं। लेकिन इन पार्क में या तो गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, या फिर ताले लटके हुए हैं। इससे पार्क की जगह बच्चे सड़क और मकानों की छत पर खेलने को मजबूर हैं। जी ब्लॉक में बने पार्क में लंबे समय से ताला लटका हुआ है। 

लोग पार्क में कचरा फेंक रहे हैं। इससे पार्क कूड़ाघर बनता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार इसकी सुध नहीं ले रहे हैं। इसी तरह आइ ब्लॉक में बना पार्क भी आधा-अधूरा छोड़ रखा है। इसमें भी वाहन पार्क करने के साथ ही नलकूप के लिए जनरेटर रखा गया है। 

आइ ब्लॉक में बिजली का संकट 

कॉलोनी के आइ ब्लॉक में बार-बार बिजली चली जाने से लोग परेशान रहते हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर बिजली विभाग के अफसरों को अवगत कराया जा चुका है।इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे कारण लोग अक्सर अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। 

पार्षद स्वयं करा रहे सफाई 

नाला गैंग समेत सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था न होने से क्षेत्र के पार्षद स्वयं सफाई करा रहे हैं। बताया गया कि रिस्पना नदी से लगे नाले और नालियों की सफाई नाला गैंग हटाए जाने से नहीं हो पा रही थी। ऐसे में पार्षद ने स्वयं सफाई कराने के लिए मजदूर लगाए हुए हैं। 

निगम को दिए गए निर्देश 

देहरादून के जिलाधिकारी एसएस मुरुगेशन के अनुसार साफ-सफाई को लेकर नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। जहां जैसी जरूरत होगी, निर्माण कार्य कराए जाएंगे। 

बनाए गए हैं प्रस्ताव 

क्षेत्रीय पार्षद विनोद नेगी के अनुसार नालियों की सफाई न होने से गंदगी फैली रहती है। नाला गेंग न होने से दिक्कतें आ रही है। साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाए गए हैं। बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव रखे जाएंगे। 

क्षेत्रवासियों का तर्क 

नेहरू कॉलोनी निवासी मंगला देवी के अनुसार मकानों के पास फैले बिजली के तारों का जाल दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। सफाई न होने से गंदगी बनी रहती है। दुर्गंध के कारण रहना मुश्किल हो गया है।  

सावित्री रौथाण कहती हैं कि बिजली की समस्या विकट है। प्रतिदिन सुबह और शाम को कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। इससे घर के जरूरी काम करने मुश्किल हो गए हैं। 

लक्ष्मी बडोनी के मुताबिक पार्क आधा-अधूरा बना हुआ है। बच्चों की खेलने की बजाए, इसमें गंदगी रहती है। पार्क पार्किंग के काम आ रहा है। लेकिन जिम्मेदार पार्कों की सुध नहीं ले रहे है।  

सुरेंद्र प्रसाद सुंद्रियाल का कहना है कि पार्क में या तो गंदगी है या फिर ताले लगे हुए हैं। बुजुर्ग और बच्चे सड़क किनारे धूप सेकने को मजबूर हैं। पार्क का औचित्य ही समाप्त हो गया है। चमन शर्मा के अनुसार सीवर लाइन न होने से गंदगी सड़कों पर बह रही है। सफाई के भी ठोस इंतजाम नहीं हैं। दुर्गंध के कारण रहना मुश्किल हो रहा है। 

कॉलोनी निवासी संयोगिता देवी कहती हैं कि साफ-सफाई न होने से कूड़ा गली और नालियों में भरा रहता है। घर का कूड़ा उठाने के लिए पैसे लिए जाते हैं। उसके बाद भी सफाई व्यवस्था लचर है। मुकुट प्रसाद के मुताबिक पार्क की कोई सुध लेने कोई नहीं आता है। पार्क में फैली गंदगी पर हर बार अनदेखी की जाती है। सफाई के भी इंतजाम नहीं हैं। 

यह भी पढ़ें: आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं चंद्रबनी और सेवलाकला क्षेत्र

यह भी पढ़ें: गंदे पानी और ड्रेनेज की समस्या से परेशान हैं यहां के बाशिदें, जानिए

यह भी पढ़ें: यहां की सड़कों पर चलें जरा संभलकर, नालियों का पता नहीं

chat bot
आपका साथी