छात्र-छात्राओं ने गांव में जाकर सीखे खेती-किसानी के गुर

विकासनगर विकासनगर ब्लॉक क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शैक्षिक भ्रमण को पहुंचे विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने खेती किसानी के गुर सीखे।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Mar 2021 02:28 AM (IST) Updated:Sat, 06 Mar 2021 02:28 AM (IST)
छात्र-छात्राओं ने गांव में जाकर सीखे खेती-किसानी के गुर
छात्र-छात्राओं ने गांव में जाकर सीखे खेती-किसानी के गुर

जागरण संवाददाता, विकासनगर: विकासनगर ब्लॉक क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शैक्षिक भ्रमण को पहुंचे विभिन्न संस्थान के बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने खेती-किसानी के गुर सीखे। गांव में छात्र-छात्राओं ने वर्तमान में खेतों में लहलहाती सरसों, गेहूं की फसलों के बारे में जानकारी ली। ग्राम प्रधान रूपा देवी ने उन्हें फसल के लिए खेत तैयार करने के तरीके, बुआई, निराई व गुड़ाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कृषि प्रशिक्षण व शोध संस्थान और नई दिशा जनहित ग्रामीण विकास समिति पदाधिकारी तुलाज व दून पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को लेकर लक्ष्मीपुर पहुंचे। जहां पर छात्र-छात्राओं ने खेतों में जाकर तैयार फसल देखी। ग्राम प्रधान रूपा देवी के आवास पर उन्हें खेती-किसानी व ग्रामीण परिवेश संबंधी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण जीवनशैली को देखा और उनकी समस्याएं भी जानी। ग्राम प्रधान रूपा देवी ने बताया कि लक्ष्मीपुर गांव में सौर ऊर्जा से सिचाई और किसानों को उन्नत तकनीक की जानकारी देने के लिए एक केंद्र बनाने पर विचार किया जा रहा है, जिससे किसान तरक्की कर सकें। ग्रामीण नीरज कश्यप ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि वह एमएसपी को पढ़ लें तो उन्हें खेती किसानी के बारे में काफी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा स्थलीय सर्वे से वास्तविक जानकारी किसान ही दे सकता है। समिति संस्थापक अमर सिंह कश्यप ने कहा कि छात्र-छात्राओं को कुछ सीखने के लिए धरातल पर कार्य करना होगा, मात्र किताबी ज्ञान से खेती की जानकारी संभव नहीं है। खेती करने के लिए कड़ी मेहनत भी करनी होती है। किसान खेती में विज्ञानी तरीके अपनाकर आजीविका के साधन बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर अर्जुन कुमार, अमित उपाध्याय, सुभाष चंद, मुकुल कश्यप, नीरज कश्यप, आशीष कश्यप आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी