Kedarnath Yatra 2020: केदारनाथ में कोरोना काल में एक दिन में पहुंचे रिकॉर्ड 2648 यात्री, इन समस्याओं से जूझना पड़ा

Kedarnath Yatra 2020 इस यात्रा सीजन में पहली बार एक दिन में 2648 यात्री दर्शनों को पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों के केदारनाथ आने से उन्हें रहने और खाने की समस्या से भी जूझना पड़ा। अबतक 14106 यात्री बाबा के दर्शन कर चुके हैं।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sun, 04 Oct 2020 06:50 AM (IST) Updated:Sun, 04 Oct 2020 11:47 AM (IST)
Kedarnath Yatra 2020: केदारनाथ में कोरोना काल में एक दिन में पहुंचे रिकॉर्ड 2648 यात्री, इन समस्याओं से जूझना पड़ा
केदारनाथ में कोरोना काल में एक दिन में पहुंचे रिकॉर्ड 2648 यात्री।

रुद्रप्रयाग, जेएनएन। केदारनाथ धाम में इस यात्रा सीजन में पहली बार एक दिन में 2648 यात्री दर्शनों को पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों के केदारनाथ आने से उन्हें रहने और खाने की समस्या से भी जूझना पड़ा। अबतक 14106 यात्री बाबा के दर्शन कर चुके हैं। उम्मीद है आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में यात्री दर्शनों को पहुंचेगे।

कोरोना संक्रमण के बाद केदारनाथ धाम के कपाट तय समय पर खुले, लेकिन सरकार ने यात्रियों के दर्शन की अनुमति नहीं दी। जुलाई में दर्शनों को अनुमति पहले जनपद वासियों को दी गई, फिर राज्य के, और अब पूरे देश के यात्रियों को दर्शन करने की अनुमति दी जा चुकी है। यात्रा में सरकार और देवस्थानम बोर्ड द्वारा कई छूट देने के बाद से केदारनाथ दर्शनों को बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों से दर्शनों को यात्री पहुंच रहे हैं। शनिवार को केदारनाथ में रिकॉर्ड 2648 यात्री दर्शनों को पहुंचे, जिसमें 1567 पुरूष यात्री, 1003 महिला और 78 बच्चे शामिल थे। अब तक इस यात्रा सीजन में कुल 14106 यात्री दर्शनों को आ चुके हैं। 

केदारनाथ में यात्रियों की संख्या बढ़ने से गत रात्रि यात्रियों को रहने और खाने की समस्या से दो चार होना पड़ा। केदारनाथ व्यापार संघ के अध्यक्ष महेश बगवाड़ी का कहना है कि स्थानीय लोगों ने अपने लॉज और होटल नहीं खोले है, जिससे यह समस्या आई है। उम्मीद है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने से अब लोग अपने होटल और लॉज खोलेंगे। केदारनाथ में गत शुकवार को 220 यात्री ही दर्शनों को पहुंचे थे, जबकि पिछले एक सप्ताह से दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी तो हुई थी, लेकिन संख्या ढ़ाई से तीन सौ के आस पास ही थी। 

यह भी पढ़ें: केदारनाथ में शंकराचार्य समाधि का 35 फीसदी कार्य पूरा, जानिए कब तक तैयार हो जाएगा यह काम

शनिवार को यह संख्या अचानक बढ़कर कई कई गुना हो गई। वहीं, बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्रियों के आने से सोनप्रयाग, गुप्तकाशी, समेत गौरीकुंड हाइवे पर कई स्थानों में जाम भी लगता रहा। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ गई थी। शनिवार को 26 सौ से अधिक यात्री दर्शनों को पहुंचे।

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी की बाबा केदार में है आस्‍था, केदारपुरी को फिर से बसाने को लेकर हैं गंभीर

chat bot
आपका साथी