Uttarakhand Politics: पूर्व सीएम हरीश रावत ने ढैंचा बीज मामले में त्रिवेंद्र को दी क्लीन चिट

ढैंचा बीज मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को क्लीन चिट दी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कृषि मंत्री और सचिव पर किसी तरह की गड़बड़ी का मामला नहीं बनता था। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयान के बाद सियासत गरमा गई है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 08:30 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 08:30 AM (IST)
Uttarakhand Politics: पूर्व सीएम हरीश रावत ने ढैंचा बीज मामले में त्रिवेंद्र को दी क्लीन चिट
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। ढैंचा बीज मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत के बयान ने सूबे का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने ढैंचा बीज मामले में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को क्लीन चिट दी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कृषि मंत्री और सचिव पर किसी तरह की गड़बड़ी का मामला नहीं बनता था।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में ढैंचा बीज मामले में कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि त्रिपाठी आयोग ने उन्हें जब फाइल सौंपी, वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि ढैंचा बीज मामले में कीमत को लेकर अंतर होना कोई बड़ी बात नहीं है। विचार करने के बाद उन्हें यही उचित लगा कि तत्कालीन कृषि मंत्री (त्रिवेंद्र सिंह रावत) व सचिव पर मामला नहीं बनता।

अपने विरोधियों पर भी नहीं की कार्यवाही

उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास सात-आठ फाइल ऐसी भी आईं, जिनमें उनकी सरकार गिराने में लिप्त रहे लोग भी शामिल रहे, लेकिन उनके खिलाफ मामले पुष्ट नहीं हो रहे थे। सिर्फ विरोध की वजह से उनके खिलाफ कार्यवाही करना उन्होंने उचित नहीं समझा। भाजपा पर प्रहार करते हुए रावत बोले, उनकी जगह भाजपा होती तो वह जरूर किसी को भी जेल में डाल देती।

तोड़-फोड़ को भाजपा ने कला बना दिया

पुरोला विधायक राजकुमार के जाने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि पार्टी से कोई भी जाता है तो दुख होता ही है। भाजपा ने इसे कला के रूप में विकसित कर लिया है। उसे अपने मुख्यमंत्रियों, विधायकों के काम पर भरोसा नहीं है। इसलिए मुख्यमंत्री बदलते रहते हैं। मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने के लिए दूसरे दलों में तोड़-फोड़ की जाती है। पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष रावत ने कहा कि जनता इस समय भाजपा के कुकृत्यों से परेशान है। उस पर ऐसी किसी भी कार्यवाही से असर नहीं पडऩे वाला। कोरोना में विफलता मिली है। भाजपा अफवाह फैला रही है कि कांग्रेस से कई लोग जा रहे हैं। भाजपा यह दावा भी कर सकती है कि हरीश रावत और राहुल गांधी भी भाजपा में जा रहे हैं।

कांग्रेस के पास सिपाही, सूबेदार हैं

भाजपा की ओर से राज्य में राज्यपाल के रूप में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल की तैनाती के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सिपाही और सूबेदार हैं। वे गांव-गांव में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वालों की संख्या भाजपा से कहीं ज्यादा है। नेता कुछ भी करें, कार्यकर्त्‍ताओं का व्यवहार अलग है। वह कांग्रेस को ज्वाइन कर रहा है।

यह भी पढ़ें:-Uttarakhand Politics: अब हरक और त्रिवेंद्र के बीच तकरार से भाजपा असहज, जा‍निए क्‍या बोले दोनों नेता

chat bot
आपका साथी