आशियाना में आराम कर रहे थे राष्ट्रपति, तभी परिसर में निकला सांप

राष्‍ट्रपति देहरादून स्थित आशियाने में आराम कर रहे थे, तभी कर्मचारियों को आशियाने के गार्डन में सांप दिखाई दिया। इससे हड़कंप मच गया।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sun, 04 Nov 2018 12:40 PM (IST) Updated:Mon, 05 Nov 2018 08:44 AM (IST)
आशियाना में आराम कर रहे थे राष्ट्रपति, तभी परिसर में निकला सांप
आशियाना में आराम कर रहे थे राष्ट्रपति, तभी परिसर में निकला सांप

देहरादून, [जेएनएन]: देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना के बगीचे में सांप दिखने से हड़कंप मच गया। घटना शनिवार रात की है, उस वक्त राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आशियाना में विश्राम कर रहे थे। तत्काल वन विभाग की एक्सपर्ट टीम आशियाना पहुंची और रात करीब दो बजे कड़ी मशक्कत के बाद सांप पकड़ा। कॉमन करैत प्रजाति का यह सांप करीब सवा फीट लंबा था। बाद में इसे जंगल में छोड़ दिया गया।

शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हरिद्वार में ज्ञानकुंभ और ऋषिकेश स्थित आयुर्विज्ञान संस्थान में दीक्षांत समारोह में शिरकत के बाद देर शाम रात्रि विश्राम के लिए  देहरादून स्थित 'राष्ट्रपति आशियाना' पहुंचे। भोजन के बाद रात करीब दस बजे राष्ट्रपति विश्राम के लिए चले गए।

देहरादून के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राजीव धीमान ने बताया कि देर रात आशियाना के नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि बगीचे में सांप दिखायी दिया है। इस पर तत्काल स्नेक रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। खराब मौसम में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सांप को पकड़ लिया। डीएफओ ने बताया कि रात दो बजे सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले आशियाना परिसर की साफ-सफाई की गई थी, लेकिन आसपास जंगल होने के कारण सांप उधर आ गया।

पांच घंटे पहले रवाना हुए राष्ट्रपति 

दून स्थित राष्ट्रपति आशियाना में ठहरे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिला तय समय से पांच घंटे पहले दिल्ली के लिए रवाना हुआ। पूर्व कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति की जौलीग्रांट से फ्लाइट पांच बजे की थी। ऐसे में उन्हें चार बजे आशियाना से रवाना होना था। लेकिन, राष्ट्रपति 11 बजे ही वापसी के लिए तैयार हो गए। इस पर पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने व्यवस्थाएं जुटाते हुए राष्ट्रपति को पहले जीटीसी तक सड़क मार्ग और वहां से जौलीग्रांट तक हेलीकाप्टर से रवाना किया।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी को दिखाई जाएगी केदारनाथ में बदलाव की तस्वीर

यह भी पढ़ें: केदारनाथ में लोकार्पण कार्यक्रम पर आचार संहिता का पेच

chat bot
आपका साथी