पांच और मरीजों में हुई डेंगू की पुष्टि

डेंगू का डंक लगातार गहराता जा रहा है। मौसम के करवट लेते ही मच्छर ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। जनपद देहरादून में पांच और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों की एलाइजा जांच कराई थी।

By Edited By: Publish:Wed, 05 Sep 2018 08:56 PM (IST) Updated:Wed, 05 Sep 2018 08:56 PM (IST)
पांच और मरीजों में हुई डेंगू की पुष्टि
पांच और मरीजों में हुई डेंगू की पुष्टि
जागरण संवाददाता, देहरादून: डेंगू का डंक लगातार गहराता जा रहा है। मौसम के करवट लेते ही मच्छर ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। जनपद देहरादून में पांच और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों की एलाइजा जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जिन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, उनमें एक देहरादून, दो मरीज ऋषिकेश के चौदह बीघा क्षेत्र और एक-एक मरीज सहारनपुर व रुड़की से हैं। इनमें से चार डेंगू पीड़ित मरीजों का उपचार जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में चल रहा है। जबकि, देहरादून निवासी मरीज घर पर है और उसके स्वास्थ्य में सुधार है। डेंगू के मामलों में अब बढ़ोत्तरी होने लगी है। एक के बाद एक नए मामले सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय टीम ने बुधवार को फिर उन क्षेत्रों का दौरा कर लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया, जहां से डेगू के मामले सामने आए हैं। आसपास के लोगों को सतर्क रहने और अपने आसपास पानी इकट्ठा नहीं होने देने की सलाह भी दी गई है। जिला वीबीडी अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि देहरादून के अजबपुर कलां निवासी एक 42 वर्षीय व्यक्ति की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि अब मरीज के प्लेटलेट्स की संख्या बढ़कर डेढ़ लाख तक पहुंच गई है और स्वास्थ्य में निरंतर सुधार है। वहीं हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती ऋषिकेश चौदहबीघा (जनपद टिहरी) निवासी दो मरीजों, सहारनपुर निवासी एक मरीज और रुड़की निवासी एक अन्य मरीज में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मरीज पिछले चार दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। क्षेत्र में लार्वा नाशक दवाओं का छिड़काव करने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग भी कर रहा है।
chat bot
आपका साथी