कांग्रेस ने की भाजपा को घेरने की तैयारी, असंतुष्टों पर डाले डोरे

भाजपा को घेरने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के असंतुष्ट और कांग्रेस के बागी निकट भविष्य में जल्द कांग्रेस का दामन थामते नजर आ सकते हैं।

By Edited By: Publish:Fri, 29 Jun 2018 03:00 AM (IST) Updated:Sat, 30 Jun 2018 05:54 PM (IST)
कांग्रेस ने की भाजपा को घेरने की तैयारी, असंतुष्टों पर डाले डोरे
कांग्रेस ने की भाजपा को घेरने की तैयारी, असंतुष्टों पर डाले डोरे

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: भाजपा के असंतुष्ट और कांग्रेस के बागी निकट भविष्य में जल्द कांग्रेस का दामन थामते नजर आ सकते हैं। नगर निकाय और लोकसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन और भाजपा को घेरने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने यह साफ कर दिया है कि कांग्रेस की नीतियों और पार्टी अध्यक्ष राहुल के नेतृत्व में आस्था जताने वाले नेताओं का पार्टी खैरमकदम करने को तैयार है। 

कांग्रेस ने प्रदेश में अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए हाथ-पांव मारने तेज कर दिए हैं। इसके लिए पार्टी को ऐसे किसी भी नेता को अपने साथ जोड़ने से गुरेज नहीं है, जो सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी चुनौती पेश कर सके। 

खासतौर पर जमीन पर पकड़ रखने वाले नेताओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। टिहरी और नैनीताल जिलों से ये सिलसिला शुरू हो चुका है। जल्द ही देहरादून जिले से भी कुछ नेता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। 

टिहरी से राजेश्वर पैन्युली, नैनीताल से हेम आर्य के बाद देहरादून जिले में आर्येद्र शर्मा को पार्टी में शामिल करने की कसरत चल रही है। पार्टी ने अपनी यह रणनीति इसी वर्ष होने वाले निकाय चुनाव और अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर बनाई है। 

मकसद जनाधार को फैलाने के साथ ही भाजपा से असंतुष्टों को खींचकर अपने पाले में लाना है। भाजपा की यही रणनीति पिछले विधानसभा चुनाव में कामयाब साबित हो चुकी है। 

कांग्रेस के मंसूबे अब भाजपा को उसी के दांव से पटखनी देने के हैं। इसके लिए पार्टी को उन नेताओं को भी शामिल करने से गुरेज नहीं होगा, जो बीते कुछ अरसे में कांग्रेस के पाले से खिसक चुके हैं। अंदरखाने ऐसे नेताओं का ब्योरा एकत्र किया जा रहा है। 

पार्टी के कुछ खास लोगों को इस काम पर लगाया भी गया है। हालांकि, पार्टी के भीतर एक खेमा ये भी मान रहा है कि इस मुहिम के पीछे प्रदेश में कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की जंग का भी असर है। प्रदेश में कुछ खास नेताओं के इर्द-गिर्द सिमटी रही पार्टी की सियासत निकट भविष्य में नए रूप और अंदाज में सामने आ सकती है। 

बागियों की घर वापसी की राह तैयार करने से पार्टी को गुरेज नहीं होगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर आस्था रखने वाले नेताओं के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं।

यह भी पढ़ें: शिक्षिका से अभद्रता मामले में कांग्रेसियों ने फूंका सीएम का पुतला

यह भी पढ़ें: मलिन बस्तियों की पैरवी में उतरी कांग्रेस, शिक्षिका प्रकरण में सरकार पर हमला

यह भी पढ़ें: युवाओं को रोजगार देने में विफल रही मोदी सरकारः इंदिरा हृदयेश

chat bot
आपका साथी