130 उच्च प्राथमिक स्कूलों को कंप्यूटर का तोहफा

राज्य ब्यूरो, देहरादून सरकार राज्य के 130 सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालयों को कंप्यूटरों का

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Dec 2017 03:00 AM (IST) Updated:Sun, 17 Dec 2017 03:00 AM (IST)
130 उच्च प्राथमिक स्कूलों को कंप्यूटर का तोहफा
130 उच्च प्राथमिक स्कूलों को कंप्यूटर का तोहफा

राज्य ब्यूरो, देहरादून

सरकार राज्य के 130 सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालयों को कंप्यूटरों का तोहफा देगी। उक्त प्रत्येक विद्यालय को चार-चार कंप्यूटर दिए जाएंगे। सूचना प्रौद्योगिकी सचिव की अध्यक्षता में गठित तकनीकी समिति ने कंप्यूटर खरीद से संबंधित तकनीकी मामलों पर अपनी सिफारिश शिक्षा महकमे को सौंप दी है। सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान राज्य परियोजना निदेशक को कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को खरीदने के मामले अग्रिम कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने वर्ष 2017-18 में सर्व शिक्षा अभियान के तहत 130 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 520 कंप्यूटर देने का निर्णय लिया है। चयनित 130 में प्रत्येक विद्यालय को चार कंप्यूटर के साथ ही एक प्रिंटर, एक यूपीएस और एक डिश मुहैया कराई जाएगी। डिश के जरिए विद्यार्थी कंप्यूटर में ही ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भी देख सकेंगे। कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की खरीद पर करीब पौने तीन करोड़ लागत का अनुमान है। शिक्षा महकमे की ओर से कंप्यूटर खरीद को लेकर तकनीकी औपचारिकताएं तय करने के संबंध में शासन को पत्र भेजा था। शासन ने इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी महकमे की मदद ली। कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की खरीद के लिए तकनीकी विशिष्टियां (टेक्निकल स्पेसिफिकेशन) निर्धारित करने को सूचना प्रौद्योगिकी सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित की गई भी। समिति ने जरूरी संशोधन के साथ अपनी सिफारिश शिक्षा महकमे को दी हैं।

शासन ने इस संस्तुति के आधार पर सर्व शिक्षा अभियान राज्य परियोजना निदेशक को कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की खरीद के संबंध में आगे कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी