सीएम ने सोनिया से की केंद्र की शिकायत

By Edited By: Publish:Sun, 27 Jul 2014 12:59 AM (IST) Updated:Sun, 27 Jul 2014 12:59 AM (IST)
सीएम ने सोनिया से की केंद्र की शिकायत

राज्य ब्यूरो, देहरादून: विधानसभा उपचुनाव में तीनों 'किले' फतह करने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और दोनों नवनिर्वाचित विधायक हीरा सिंह बिष्ट व रेखा आर्य राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री को इस जीत के लिए बधाई दी। साथ ही, उपचुनाव में मिली जीत के बाद जनता की बढ़ी हुई उम्मीदों पर खरा उतरने को कहा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सोनिया गांधी से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उत्तराखंड की उपेक्षा किए जाने की शिकायत भी की।

मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और नवनिर्वाचित विधायक हीरा सिंह बिष्ट व रेखा आर्य शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी के साथ राष्ट्रीय सोनिया गांधी से मुलाकात की। पार्टी अध्यक्षा ने मुख्यमंत्री व दोनों अन्य विधायकों को जीत की बधाई दी। साथ ही, उत्तराखंड की जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने जो संदेश दिया है, उसका व्यापक असर पूरे देश में होगा।

इस जीत से साफ हो गया है कि केंद्र की नई सरकार अपने वायदों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे आम व्यक्ति फिर से कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि राज्य की जनता को उनकी सरकार से काफी उम्मीदें हैं। उन्हें अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए और अधिक मेहनत करनी होगी। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोनिया गांधी से केंद्र की नई सरकार की शिकायत भी की। उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल में राज्य को ग्रीन बोनस, आपदा मद में चार हजार करोड़ की अतिरिक्त सहायता को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली थी।

कई रेल परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई थी, मगर वर्तमान केंद्र सरकार राज्य की पूरी तरह उपेक्षा कर रही है। राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराते हुआ बताया कि सीमांत व दुर्गम क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचे, इसके लिए विशेष प्रयास जारी हैं। सुगम व सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दिन-रात काम कर राज्य सरकार सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश देने में सफल रही। गत वर्ष की भीषण आपदा के बावजूद इस बार 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आए।

इनसेट..

स्टेट प्लेन से किया परहेज

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रविवार को स्टेट प्लेन से परहेज करते हुए जेट एयरवेज की फ्लाइट से नई दिल्ली तक का सफर तय किया। गौरतलब है कि 13 जून को स्टेट प्लेन से यात्रा के दौरान ही मुख्यमंत्री की गर्दन में चोट आई थी। एक माह से ज्यादा समय तक एम्स में भर्ती रहने के बाद मुख्यमंत्री की यह दूसरी हवाई यात्रा है। पार्टी अध्यक्षा से मुलाकात में व्यस्त रहे मुख्यमंत्री शनिवार को तो एम्स नहीं गए, मगर रविवार को एम्स के डाक्टरों से मिलने के बाद उनके वापस देहरादून लौटने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी