LIVE BLOG

Chardham Yatra 2024 LIVE: केदारनाथ के बाद खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दी बधाई

Chardham Yatra 2024: अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। शुक्रवार को केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। शुक्रवार को सबसे पहले सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

Nirmala Bohra Publish:Thu, 09 May 2024 08:41 PM (IST) Updated:Fri, 10 May 2024 02:13 PM (IST)
Chardham Yatra 2024 LIVE: केदारनाथ के बाद खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दी बधाई
Chardham Yatra 2024 LIVE: केदारनाथ के बाद खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दी बधाई

Highlights

  • केदारनाथ धाम के कपाट खुलते समय धाम में मौजूद रहे हजारों भक्‍त
  • बदरी केदार मंदिर समिति द्वारा केदारनाथ धाम भव्य रूप से सजाया
  • सीएम पुष्‍कर सिंह धामी भी रहे कपाट खुलने पर मौजूद

टीम डिजिटल, देहरादून: Chardham Yatra 2024, Kedarnath Yatra: अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। जिसके बाद चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। केदारनाथ के बाद गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के श्री कपाट भी खोल दिए गए।इसके लिए तीनों धामों को भव्‍य रूप से सजाया गया है। सबसे पहले सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके बाद यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए। केदारनाथ के कपाट खुलने के समय उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे।

Chardham Yatra 2024 LIVE Updates:

10/05/2024
2:13:00 pm

Chardham Yatra 2024: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने Chardham Yatra 2024 के शुभारंभ की दी बधाई

 देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र चार धाम यात्रा के शुभारंभ की बहुत-बहुत बधाई। बाबा केदारनाथ धाम समेत चारों धामों की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक ऐसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा है, जिससे उनकी आस्था और भक्ति को नई स्फूर्ति मिलती है। इस यात्रा पर निकले सभी भक्तों और श्रद्धालुओं को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। जय बाबा भोलेनाथ!...

10/05/2024
1:07:08 pm

Chardham Yatra 2024: गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुले

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत श्रीगणेश हो गया है। शुक्रवार को अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम व यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत हवन, पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चरण एवं धार्मिक रीति-रिवाज साथ खोले गए। गंगोत्री के कपाट दोपहर 12.25 बजे खुले गए तथा यमुनोत्री के कपाट सुबह 10.29 बजे खोले गए। गंगोत्री धाम में करीब पांच हजार और यमुनोत्री धाम में करीब छह हजार तीर्थ यात्रियों ने दर्शन के लिए पहुंचे।

शुक्रवार को सुबह साढ़े छह बजे गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। ठीक साढ़े नौ बजे डोली यात्रा गंगोत्री धाम पहुंची। तीर्थ पुरोहितों ने परंपरानुसार धार्मिक रीति-रिवाज तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोपहर 12.25 अमृत बेला के अभिजीत मुहूर्त पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले।

जबकि अक्षय तृतीय के पर्व पर ही मां यमुना की डोली उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुआई में सुबह साढ़े सात बजे यमुनोत्री के लिए रवाना हुई। करीब दस बजे यमुना डोली यात्रा यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां विधिविधान से वैदिक मंत्रोच्चारण व पूजा-अर्चना के साथ 10.29 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

10/05/2024
12:05:52 pm

Chardham Yatra 2024: वैदिक मंत्रों के साथ खुले तुंगनाथ के कपाट

पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट को शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि विधान के साथ खोल दिए गए हैं। इससे पहले भगवान की डोली चोपता से रवाना होकर मंदिर परिसर पहुंची। पुजारियों ने वैदिक मंत्रों के साथ भगवान तुंगनाथ की विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। अब छह माह की नित्य पूजा यहीं पर संपन्न की जाएंगी। मौके पर मठापति राम प्रसाद मैठाणी, प्रबन्धक बलवीर सिंह नेगी, अतुल मैठाणी समेत बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित हैं।

10/05/2024
11:01:30 am

Chardham Yatra 2024: श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए यमुनोत्री धाम के कपाट

केदारनाथ के बाद शुक्रवार को यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 10.29 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली सुबह 10:00 बजे पहुंच गई थी। इसके बाद पुरोहितों ने पूजा अर्चना की। शुभ मुहूर्त पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम में विराजमान हो गई है।

10/05/2024
10:11:44 am

Chardham Yatra 2024: रुद्राक्ष एक दिन में कराएगा दो धाम के दर्शन

जौलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ हेलीपैड से रुद्राक्ष इस बार फिर दो धाम के दर्शन कराने के लिए तैयार है। आज केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर रुद्राक्ष की सेवाएं आज से शुरू हो गईं हैं। रुद्राक्ष एविएशन का एमआइ-17 हेलीकाप्टर शुक्रवार को गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरेगा। जहां से छोटे हेलीकाप्टरों के जरिए यात्रियों को केदारनाथ पहुंचाया जाएगा। वहीं 12 मई से बदरीनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। उसके बाद रुद्राक्ष की दो धाम की सेवाएं आरंभ हो जाएगी।

10/05/2024
9:45:06 am

Chardham Yatra 2024: उत्तरकाशी में यातायात प्लान लागू

चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थित सुचालन के लिए उत्तरकाशी में पुलिस ने यातायात प्लान तैयार कर दिया है। यह प्लान शुक्रवार से शुरू हो गया है। यातायात निरीक्षक राजेंद्र नाथ ने बताया कि ऋषिकेश से गंगोत्री धाम आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए रूट नरेन्द्रनगर, चम्बा, धरासू बैण्ड, उत्तरकाशी, गंगोरी, भटवाडी, हर्षिल, गंगोत्री रहेगा।

10/05/2024
8:42:24 am

Chardham Yatra 2024: आज ही खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

कपाटोद्घाटन का साक्षी बनने के लिए लगभग 15 हजार तीर्थयात्री गुरुवार शाम ही गंगोत्री व केदारनाथ धाम पहुंच चुके थे। जबकि, 35 हजार से अधिक तीर्थयात्री विभिन्न पड़ावों पर ठहरे हुए हैं।

10/05/2024
8:26:12 am

Chardham Yatra 2024: सुबह चार बजे से लगने लग गई थी कतार

शुक्रवार प्रातः चार बजे से मंदिर परिसर तथा दर्शन पंक्ति में यात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। उसके बाद बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, रावल भीमाशंकर लिंग, मुख्यकार्याधिकारी योगेंद्र सिंह पुजारी, धर्माचार्य वेदपाठी तथा केदार सभा के पदाधिकारी तथा जिलाधिकारी डा. सौरभ गहरवार प्रशासन के अधिकारी पूरब द्वार से मंदिर पहुंच गये।

10/05/2024
8:17:19 am

Chardham Yatra 2024: दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम

विकासनगर: शुक्रवार से शुरू हो रही चार धाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। गुरुवार को बाड़वाला में परिवहन विभाग की चेकपोस्ट पर ग्रीन कार्ड चेक करने की वजह से दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची एआरटीओ व पुलिस की टीम ने जाम खुलवाया।

10/05/2024
7:59:58 am

Chardham Yatra 2024: सात हजार से अधिक भक्‍त बने साक्षी

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय धाम में सात हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलोंं से सजाया गया। साथ ही कपाट खुलते समय तीर्थयात्रियों पर हैलीकॉप्टर द्वारा फूलवर्षा हुई। यहां श्रद्धालुओं के लिए जगह - जगह भंडारे आयोजित किये गये हैं। मुख्य सेवक भंडारा कार्यक्रम समिति ने भी भंडारे आयोजित किए हैं। शुक्रवार को केदारनाथ में मौसम साफ रहा। आस-पास तथा दूर बर्फ होने से सर्द बयारें चलती रहीं।

10/05/2024
7:51:32 am

Chardham Yatra 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से होगी पहली पूजा

 केदारनाथ में मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम की कराएंगे।

10/05/2024
7:46:49 am

Chardham Yatra 2024: मुख्‍यमंत्री ने दी सभी श्रद्धालुओं को बधाई

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कपाट खुलने के अवसर पर विशेषरूप से मौजूद रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी देश‌ एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कहा कि इस बार चारधाम यात्रा नया कीर्तिमान बनायेगी। प्रदेश सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु प्रतिबद्ध है।

10/05/2024
7:30:57 am

Chardham Yatra 2024: केदारनाथ मंदिर को सजाया गया बीस ​क्विंटल फूलों से

केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के पावन मौके पर मंदिर को बदरी केदार मंदिर समिति द्वारा भव्य रूप से सजाया गया है। वहीं कपाट खुलने के बाद अब भारी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं।

10/05/2024
7:10:09 am

Chardham Yatra 2024: हजारों भक्‍तों की मौजूदगी में खुले केदारनाथ धाम के कपाट

शुक्रवार सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। इस दौरान धाम में हजारों भक्‍त इस पल के साक्षी बने। उत्‍तराखंड के सीएम पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम में उपस्थित रहे। उनके साथ उनकी पत्‍नी गीता धामी भी धाम में मौजूद रहीं।

10/05/2024
6:55:09 am

Chardham Yatra 2024: बस कुछ ही देर में खुलेंगे बाबा केदार के द्वार, पहुंचे हजारों भक्‍त

 बस अब कुछ देर में ही बाबा केदार के धाम केदारनाथ के कपाट विधिविधान के साथ खोल दिए जाएंगे। अगले छह माह तक बाबा केदार यहीं भक्‍तों को दर्शन देंगे। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम पहुंच चुके हैं।

09/05/2024
8:58:56 pm

Chardham Yatra 2024: राज्यपाल ने अक्षय तृतीया की दी शुभकामनाएं

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रदेशवासियों को अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि संपूर्ण पापों का नाश करने वाली एवं सभी सुखों को प्रदान करने वाली अक्षय तृतीया की पावन तिथि सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में समृद्धि, सौभाग्य व सफलता का संचार हो एवं सबके अन्न, धन और विद्या में वृद्धि हो। राज्यपाल ने शुक्रवार को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री, यमुनोत्री एवं केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुगम व सुखद चारधाम यात्रा की कामना की है।

09/05/2024
8:58:34 pm

Chardham Yatra 2024: मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को अक्षय तृतीया की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष बैशाख माह की तृतीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व मांगलिक कार्यों के लिए शुभ माना जाता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह पर्व हम सबके जीवन में सौभाग्य एवं समृद्धि लेकर आए।

09/05/2024
8:58:09 pm

Chardham Yatra 2024: पिछले सभी पुराने रिकार्ड तोड़ेगी यात्रा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में शुक्रवार से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकार्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

09/05/2024
8:54:40 pm

Chardham Yatra 2024: यमुनोत्री धाम के दर्शन को जानकी चट्टी के पास दिए जाएंगे टोकन

यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के लिए जाने वाले तीर्थयात्रियों को जानकी चट्टी के पास टोकन तो दिए जाएंगे। परंतु मंदिर में दर्शन पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर ही होंगे। यानी लाइन पर जो पहले लगा वही पहले दर्शन कर पाएगा। तीर्थ पुरोहितों के अनुसार यह व्यवस्था व्यवहारिक भी है। जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि पर्यटन विभाग पंजीकृत तीर्थयात्रियों को जानकी चट्टी में टोकन स्लॉट जारी करेगा। परंतु दर्शन पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर ही करेगा। वह इसलिए कि जानकीचट्टी से पांच किलोमीटर दूर यमुनोत्री धाम पहुंचने में तीर्थयात्रियों को अलग-अलग समय लगता है।

09/05/2024
8:52:39 pm

Chardham Yatra 2024: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के खोले जाएंगे कपाट

शुक्रवार 10 मई को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के श्री कपाट खोलने के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:35 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:41 बजे खोले जाएंगे। गंगा व यमुना के मंदिर को रंग रोगन होने के बाद फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कहा कि गंगोत्री मंदिर की सजावट फूल-पत्तियों से की गई है। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल ने में इस बार यमुनोत्री मंदिर समिति ने यमुना मंदिर परिसर में निर्णय भी कराया है। जिसका रंग रोगन कर भव्य रूप से सजाया गया है।

09/05/2024
8:50:42 pm

Chardham Yatra 2024: डीएम एवं एसपी ने केदारनाथ में जमाया डेरा

जिलाधिकारी सौरभ गहरवार एवं पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने केदारनाथ धाम में डेरा जमा दिया है। धाम के कपाट खुलने से पूर्व गुरुवार को यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी की अगुवाई में केदारपुरी में मंदाकिनी एवं सरस्वती नदी एवं घाट किनारे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं प्लास्टिक एवं अन्य कूड़ा उठाते हुए सभी को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इसके अलावा हेलीपैड, मुख्य मार्ग, अस्था पथ, गेस्ट हाउस, मंदाकिनी- सरस्वती घाट, केदारनाथ मंदिर परिसर, शिव उद्यान, हॉस्पिटल सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आईजी गढ़वाल करण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने केदारपुरी में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा बलों को कपाट खुलते समय एवं अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

09/05/2024
8:48:39 pm

Chardham Yatra 2024: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद रहेंगे मौजूद

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वह केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहेंगे। केदारनाथ के दर्शन के बाद वह ज्योर्तिमठ के लिए प्रस्थान करेंगे। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बदरीनाथ और केदारनाथ की धार्मिक यात्रा के अनुसार गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। धाम पहुंचने पर केदार सभा और ज्योतिर्मठ से जुड़े लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। भगवान केदारनाथ के पूजन के बाद ज्योर्तिमठ के लिए रवाना होंगे। 12 मई को बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

09/05/2024
8:47:43 pm

Chardham Yatra 2024: सीएम रहेंगे कपाट खुलने पर मौजूद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रातः 6 बजकर 05 मिनट पर जीटीसी हेलीपैड देहरादून से हैलीकाॅप्टर के माध्यम से प्रस्थान कर प्रातः 6 बजकर 40 मिनट पर वीआईपी हेलीपैड केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम कपाट उद्घाटन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

09/05/2024
8:46:28 pm

Chardham Yatra 2024: केदारनाथ मंदिर को फूलों से सजाया

बद्री केदार मंदिर समिति भी केदारनाथ के कपाट खुलने के मौके पर भव्य रूप से तैयारी में जुटा हुआ है। केदारनाथ मंदिर को विभिन्न प्रजाति के फूलों से सजाया गया है। प्रशासन ने धाम में रहने, खाने की व्यवस्था भी कर दी है। गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस भी पूरी तरह यात्रियों के लिए तैयार हैं। बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय भी धाम पहुंच गए हैं, उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देश विदेश से आने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।

09/05/2024
8:42:50 pm

Chardhar Yatra 2024 LIVE: केदारनाथ धाम के कपाट सुबह सात बजे खुलेंगे

केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने की पूर्व संख्या पर मंदिर को बदरी केदार मंदिर समिति द्वारा भव्य रूप से सजाया गया है। वहीं कपाट खुलने के मौके का साक्षी बनने को लेकर भारी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं। शीतकाल के छह महीनों तक पंचकेदारों के गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विश्राम करने के बाद शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट सुबह सात बजे देश विदेश के भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। केदारनाथ के कपाट खोले जाने को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है।

chat bot
आपका साथी