भाजपा प्रदेश प्रभारी जाजू बोले, स्वास्थ्य कारणों से हटाए गए थे खंडूड़ी

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि खंडूड़ी के स्वास्थ्य संबंधी कारणों को देखते हुए सरकार और पार्टी ने जो निर्णय लिया वह खंडूड़ी को भी मालूम है।

By BhanuEdited By: Publish:Wed, 27 Mar 2019 09:31 AM (IST) Updated:Wed, 27 Mar 2019 09:31 AM (IST)
भाजपा प्रदेश प्रभारी जाजू बोले, स्वास्थ्य कारणों से हटाए गए थे खंडूड़ी
भाजपा प्रदेश प्रभारी जाजू बोले, स्वास्थ्य कारणों से हटाए गए थे खंडूड़ी

देहरादून, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी को संसद की रक्षा समिति के अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर मुद्दा बनाने के मसले पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने विराम लगाने का प्रयास किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि खंडूड़ी के स्वास्थ्य संबंधी कारणों को देखते हुए सरकार और पार्टी ने जो निर्णय लिया, वह खंडूड़ी को भी मालूम है।

भाजपा नेता ने कहा कि रक्षा समिति के अध्यक्ष का पद उत्तराखंड में किसी को नहीं मिला था, वह भुवन चंद्र खंडूड़ी को देने का काम मोदी सरकार ने किया। यही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भगत सिंह कोश्यारी को भी अच्छी कमेटी का अध्यक्ष बनाया। राज्य से सांसद अजय टम्टा को सरकार में उत्तराखंड से प्रतिनिधित्व करने का मौका हमारी पार्टी ने दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मिनिमम इनकम गारंटी और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे पर उन्होंने सवाल किया कि 55 साल राज करने के दौरान कांग्रेस ने इस बारे में क्यों नहीं सोचा। कांग्रेस झूठे वायदे व झूठी घोषणाएं करती है। देश की जनता  यह अच्छी तरह जानती है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का पांच साल का कार्यकाल विकास का नया पर्व रहा है। इस दौरान हुई प्रगति सबके सामने है। सैनिक बहुल उत्तराखंड में एक भी पूर्व सैनिक को प्रत्याशी न बनाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि एकाध उम्मीदवार खड़ा है या नहीं, इसे लेकर सर्टिफिकेट देने की आवश्यकता नहीं है। सैनिकों का सबसे अधिक सम्मान भाजपा ने किया और करती है। 

कहा कि ओआरओपी का मसला हमने ही हल किया। देश के सैनिक जानते हैं कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति के लिए उपयोग नहीं करती। उन्होंने पुलवामा हमले के बाद कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप भी लगाया और कहा कांग्रेस सेना के मनोबल को ठेस पहुंचाने का कार्य कर रही है। जो भाषा कांग्रेस बोल रही है, वही पाकिस्तान भी बोल रहा है। 

प्रदेश प्रभारी ने दावा किया कि इस बार भी यहां भाजपा सभी सीटें जीतेगी। पार्टी का लक्ष्य है कि जितनी बढ़त से पिछली बार जीते थे, उसे बढ़ाया जाए। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां, राज्य को केंद्र से मिली रिकार्ड मदद के साथ ही राष्ट्रवाद इस चुनाव के मुख्य मुद्दे होंगे। 

इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, विधायक विनोद चमोली, भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नरेश बंसल, उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला व विनय रोहिला आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में चुनाव से पहले ही सपा ने छोड़ा मैदान, खड़ा नहीं किया प्रत्याशी

यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव में आधी आबादी पर सियासी दलों की नजर

यह भी पढ़ें: चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने को प्रशासन लेगा टैटू और पतंगबाजी का सहारा

chat bot
आपका साथी