उत्तराखंड: अब घर बैठे पता चल सकेगा कहां पहुंचा है आवेदन, जानिए कैसे मुमकिन होगा ये सब

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपणि सरकार पोर्टल को लांच कर दिया। अब जनता घर बैठकर इस पोर्टल के माध्यम से देख सकती है कि उनकी अर्जी पर कहां तक कार्रवाई पूरी हुई है। वहीं सरकार ने इससे भी आगे बढ़कर जनता को सहूलियत देने का निर्णय लिया है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Wed, 10 Nov 2021 12:16 PM (IST) Updated:Wed, 10 Nov 2021 12:16 PM (IST)
उत्तराखंड: अब घर बैठे पता चल सकेगा कहां पहुंचा है आवेदन, जानिए कैसे मुमकिन होगा ये सब
उत्तराखंड: अब घर बैठे पता चल सकेगा कहां पहुंचा है आवेदन।

जागरण संवाददाता, देहरादून। आमजन को यही तो चाहिए कि उनके सभी काम समय पर पूरे हो जाएं। ऐसा होता नहीं है और छोटे-छोटे काम के लिए भी लोग यहां-वहां भटकते रहते हैं। हालांकि, जनता की इस परेशानी को दूर करने के लिए अपणि सरकार पोर्टल से ई-डिस्ट्रिक्ट की 32 सेवाओं को मिलाकर कुल 75 सेवाओं को जोड़ दिया गया है।

राज्य के स्थापना दिवस समारोह में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पोर्टल को लांच कर दिया। अब जनता घर बैठकर इस पोर्टल के माध्यम से देख सकती है कि उनकी अर्जी पर कहां तक कार्रवाई पूरी हुई है। वहीं, सरकार ने इससे भी आगे बढ़कर जनता को सहूलियत देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि सेवा का अधिकार के तहत अधिसूचित 190 सेवाओं को भी शीघ्र अपणि सरकार पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इंफार्मेशन टेक्नोलाजी डेवलपमेंट एजेंसी (आइटीडीए) ने इस दिशा में कसरत भी शुरू कर दी है।

आइटीडीए निदेशक डा. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अपणि सरकार पोर्टल में आवश्यक संशोधन जल्द कर दिया जाएगा। इसके बाद जनता को लाभ देने के लिए 265 सेवाएं पोर्टल से जुड़ जाएंगी। सेवा का अधिकार की सेवाओं को पोर्टल से जोड़े जाने के बाद जनता के सभी कार्य समय पर हो सकेंगे। वजह यह कि जनता स्वयं तो अपनी अर्जी पर की जा रही कार्रवाई देख ही सकेगी, सरकार और शासन भी पोर्टल की समीक्षा करेंगे। इससे सभी कार्य समय पर पूरे करने की गारंटी भी जनता को मिल जाएगी।

अभी इन विभागों की सेवाएं पोर्टल से जुड़ीं

विभाग, सेवा

राजस्व, 09

पंचायतीराज, 12

सेवायोजन, 03

शहरी विकास, 08

समाज कल्याण, 12

मत्स्य पालन, 07

पेयजल, 09

श्रम, 11

ऊर्जा, 04

यह भी पढ़ें- उत्‍तराखंड में कामकाजी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, सभी जनपद मुख्यालयों में खोले जाएंगे छात्रावास

chat bot
आपका साथी