मुखिया की दौड़ में तीरथ आगे !

By Edited By: Publish:Mon, 31 Dec 2012 01:00 AM (IST) Updated:Mon, 31 Dec 2012 01:02 AM (IST)
मुखिया की दौड़ में तीरथ आगे !

जागरण ब्यूरो, देहरादून

अगर कोई उलटफेर नहीं हुआ तो उत्तराखंड भाजपा को जनवरी के पहले हफ्ते में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी प्रदेश प्रभारी थावरचंद गहलौत प्रदेश के पार्टी नेताओं से फीडबैक लेकर आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपने दिल्ली पहुंच चुके हैं। अगर पार्टी सूत्रों पर यकीन किया जाए तो पूर्व मंत्री व विधायक तीरथ सिंह रावत का पलड़ा अन्य दावेदारों के मुकाबले भारी नजर आ रहा है क्योंकि प्रदेश भाजपा के तीन में से दो दिग्गजों ने उनके नाम को हरी झंडी दे दी है जबकि तीसरे दिग्गज ने भी दूसरी पसंद के रूप में तीरथ के नाम पर हामी भर दी है।

वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा आमचुनाव के कारण खासे अहम बन गए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में अब जल्द फैसला सामने आने जा रहा है। शुरुआत से ही इस पद के दावेदारों में पूर्व मंत्री व विधायक तीरथ सिंह रावत, पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत 'गांववासी' और पूर्व मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम मुख्य रूप से शामिल रहे, हालांकि बाद में इस फेहरिस्त में एक अन्य नाम पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन नरेश बंसल का भी जुड़ गया। इनमें से दो दावेदारों पर सीधे तौर पर दो पूर्व मुख्यमंत्रियों का वरदहस्त रहा। तीरथ सिंह रावत भुवन चंद्र खंडूड़ी तो त्रिवेंद्र सिंह रावत भगत सिंह कोश्यारी खेमे के माने जाते हैं। दावेदारों में शामिल गांववासी संघ के नजदीकी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष पद के मुकाबले में रोचक मोड़ तब आया जब तीरथ सिंह रावत के नाम पर खंडूड़ी के साथ ही भाजपा के तीसरे बड़े दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी अपनी मुहर लगा दी। इससे पलड़ा स्वाभाविक तौर पर तीरथ की ओर झुक गया। भाजपा सूत्रों के मुताबिक यही वजह रही कि तीरथ प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में अन्य से आगे निकल गए। सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी खेमे की ओर से भी जो संकेत मिले हैं, उनके मुताबिक तीरथ के नाम पर आपत्ति नहीं की गई है, हालांकि पहली पसंद के तौर पर पूर्व मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम आगे किया गया है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में उत्तराखंड भाजपा के इन नवीनतम समीकरणों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है, जिससे प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में तीरथ सिंह रावत के अन्य से आगे निकल जाने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दो जनवरी को नई दिल्ली में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम घोषित कर विधिवत अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। संभावना है कि प्रदेश अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया जनवरी के पहले हफ्ते में निबटा ली जाएगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी