निगम के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें

राज्य परिवहन निगम के बस बेड़े में जल्द ही पांच सौ नई बसें जुड़ने जा रही हैं। इनमें तीन सौ बसों की खरीद परिवहन निगम कर रहा है तो दो सौ बसें कांट्रेक्ट पर ली जाएंगी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 03:00 AM (IST) Updated:Thu, 15 Nov 2018 03:00 AM (IST)
निगम के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें
निगम के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें

राज्य ब्यूरो, देहरादून: राज्य परिवहन निगम के बस बेड़े में जल्द ही पांच सौ नई बसें जुड़ने जा रही हैं। इनमें तीन सौ बसों की खरीद परिवहन निगम कर रहा है तो दो सौ बसें कांट्रेक्ट पर ली जाएंगी। इन सभी के लिए परिवहन निगम ने टेंडर जारी कर दिए हैं। ये सभी साधारण बसें होंगी। फिलहाल निगम ने हाईटेक व वॉल्वों बसों को बेड़े में शामिल करने से दूरी बनाई हुई है।

परिवहन निगम के पास अभी 1290 बसों का बस बेड़ा है। इसमें साधारण, जेएनएनयूआरएम के तहत आई बसें, सेमी डीलक्स, डीलक्स, एसी व वॉल्वों बसें शामिल हैं। इन बसों में से तकरीबन 300 बसें अब अपने उम्र के मानकों को पूरा कर चुकी हैं। इन बसों को बस बेड़े से बाहर किया जाना है। इसके लिए परिवहन निगम 300 नई बसों को खरीदने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा हाल ही में उत्तराखंड परिवहन निगम का उत्तर प्रदेश के साथ भी बस समझौता हो गया है। ऐसे में परिवहन निगम को कई नए मार्गो पर अपनी बस सेवाएं बढ़ानी हैं। इसे देखते हुए परिवहन निगम 200 बसों को कांट्रेक्ट पर भी लेने की तैयारी कर रहा है। इस तरह निगम के पास इस वर्ष अंत अथवा अगले वर्ष के शुरुआत में पांच सौ नई बसें जुड़ जाएंगे। इन बसों के जुड़ते ही निगम उम्र पूरी कर चुकी 300 बसों को सड़कों से बाहर कर देगा। इसके बाद निगम का बस बेड़ा 1500 का आंकड़ा छू जाएगा। राज्य गठन के बाद संभवतया यह पहली बार होगा जब निगम के बस बेड़े में 1500 सौ बसें होंगी।

हालांकि, नई बसों की खरीद में परिवहन निगम ने हाईटेक व वॉल्वो बसों से दूरी बनाई हुई है। माना जा रहा है कि निगम नए मार्गो पर पहले बसों की कमाई देखेगा। इसके बाद वह जरूरत पड़ने पर ज्यादा कमाई वाले मार्गो पर इन बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने कहा कि जल्द ही निगम के बस बेड़े में पांच सौ बसें नई जुड़ जाएंगी।

chat bot
आपका साथी