शुक्रवार को उत्‍तराखंड में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की हुई मौत

शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की मौत हुई है। यह एक दिन में मौत का सर्वाधिक आंकड़ा है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 05 Sep 2020 01:05 PM (IST) Updated:Sat, 05 Sep 2020 01:05 PM (IST)
शुक्रवार को उत्‍तराखंड में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की हुई मौत
शुक्रवार को उत्‍तराखंड में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की हुई मौत

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में कोरोना लगातार डरा रहा है। यहां न केवल संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, बल्कि मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमित 15 मरीजों की मौत हुई है। यह एक दिन में मौत का सर्वाधिक आंकड़ा है। चिंता की बात यह है कि मरने वालों में अब हर उम्र के लोग शामिल हैं। अब तक प्रदेश में कुल 320 मरीजों की मौत हो चुकी है।

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना संक्रमित चार मरीजों की मौत हुई है। इनमें प्रेमनगर निवासी 70 वर्षीय महिला को 27 अगस्त को भर्ती कराया गया था। इसी तरह श्यामपुर अंबीवाला निवासी 51 वर्षीय महिला 25 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुई थी। वहीं, ओल्ड डालनवाला, करनपुर निवासी 35 साल के युवक को स्वजन तीन सितंबर को दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाए थे। जहां देर रात युवक ने आइसीयू में दम तोड़ दिया। जबकि, शिवलोक कॉलोनी, रायपुर निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग को 28 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उधर, हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भी दो मरीजों की मौत हुई है। इनमें रुद्रपुर निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति को दो सितंबर को भर्ती किया गया था। वहीं धारी निवासी 35 वर्षीय एक और मरीज की भी मौत हो गई है। इसके अलावा रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप निवासी कोरोना संक्रमित एक युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे किच्छा रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

श्रीनगर गढ़वाल में भी बेस अस्पताल में भर्ती 40 वर्षीय एक महिला की मौत हुई है। वह ब्लड प्रेशर व अन्य रोग से भी पीड़ित थी। इधर, एम्स ऋषिकेश में भी सात मरीजों की मौत हुई है। इनमें एक 52 वर्षीय व्यक्ति, 42 वर्षीय महिला, 52 वर्षीय शख्स, 42 वर्षीय महिला, 40 वर्षीय व्यक्ति, 36 साल की एक महिला और एक 58 वर्षीय महिला शामिल है।

जिले में बने नौ और कंटेनमेंट जोन

शुक्रवार को दून में नौ और कंटेनमेंट जोन बनाए गए। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने दून में पांच, ऋषिकेश में दो, विकासनगर व डोईवाला में एक-एक क्षेत्र पाबंद किया है। जिला प्रशासन ने देहरादून में शास्त्रीनगर गली नंबर-छह, नया गांव अजबपुर खुर्द, नया गांव हाथीबड़कला, एमडीडीए कॉलोनी सहस्रधारा एन्क्लेव और कंडोली राजपुर रोड को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया।

इसके अलावा ऋषिकेश में कृष्णानगर कॉलोनी, वीरभद्र अपार्टमेंट में ब्लॉक एक से चार तक, डोईवाला में माजरी ग्रांट वार्ड-11, विकासनगर में उत्तरांचल कॉलोनी पश्चिमवाला नए कंटेनमेंट जोन बने हैं। इन क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं जैसे चिकित्सा और कानून प्रवर्तन को छोड़कर सभी गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। कंटेनमेंट जोन से आबादी की आवाजाही या अन्य गतिविधि नहीं हो सकेगी। प्रशासन के निर्देश के अनुसार कंटेनमेंट जोन में फल-सब्जी, राशन, दूध पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Coronavirus News Update: दून मेडिकल कालेज अस्पताल में कोरोना संक्रमित दो और मरीजों की मौत

chat bot
आपका साथी