बर्दाश्त नहीं होंगे मजदूर विरोधी फैसले

संवाद सूत्र, रायवाला: रायवाला में आयोजित राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय सम्मेलन में वक

By Edited By: Publish:Fri, 27 Feb 2015 08:42 PM (IST) Updated:Sat, 28 Feb 2015 04:23 AM (IST)
बर्दाश्त नहीं होंगे मजदूर विरोधी फैसले

संवाद सूत्र, रायवाला: रायवाला में आयोजित राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। साथ ही कहा कि ठेकेदारी प्रथा और निजीकरण को बढ़ावा देने जैसे मजदूर विरोधी फैसले कतई सहन नहीं किए जाएंगे। इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू होगा।

शुक्रवार को इंटक का राष्ट्रीय सम्मेलन रायवाला में आयोजित हुआ। इसमें इंटक से जुड़े विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने शिरकत की। प्रदेश अध्यक्ष व राज्य प्रतिनिधियों ने संगठन के कार्यो का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसमें आ रही विभिन्न दिक्कतों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। कई पदाधिकारियों को शिकायत थी कि समस्याओं के निराकरण में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से समुचित सहयोग नहीं मिलता है। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए आलोचना की। उनका कहना था कि सरकार निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए ठेकेदारी प्रथा और निजीकरण को बढ़ावा देने पर तुली है। कामगारों का शोषण हो रहा है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान जमीन अधिग्रहण विधेयक को किसान विरोधी बताते हुए उन्होंने चेताया कि यदि सरकार ने इसे जबरन थोपने का प्रयास किया तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। मजदूरों के हित में वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए राष्ट्रीय जन जागृति का आह्वान किया। अगला राष्ट्रीय सम्मेलन पुडूचेरी में होगा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल, राष्ट्रीय सचिव राजकुमार नारंग, उत्तराखंड अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, आसाम अध्यक्ष नंदा देवी, तमिलनाडु अध्यक्ष विजया आनंद, दिल्ली अध्यक्ष शीतल जोशी, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष अनिल भंडारी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद भट्ट, विजय पाल पंवार, राजेंद्र सिंह राणा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

सुंदरियाल बने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष

इंटक के राष्ट्रीय सम्मेलन में सभी प्रदेश अध्यक्षों ने सर्वसम्मति से दिनेश सुंदरियाल को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि देशभर में संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। मजदूरों हितों से कोई समझौता नहीं होगा। इसके लिए काम करने वालों को संगठन में पूरा सम्मान दिया जाएगा। युवाओं को नेतृत्व का मौका दिया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस के वर्तमान नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने सोनिया व राहुल गांधी को पार्टी का सर्वमान्य नेता बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए आधार कार्ड बनाया जाना देश हित में है। इस दौरान राहुल सोनकर, दीपाली महल, परवीन खान, संदीप, बब्बन सिंह आदि रहे।

chat bot
आपका साथी