भारतोली तोक में खतरे की जद में आए चार परिवार

पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतोली के पास पहाड़ी दरकने से तोक के चार परिवार खतरे की जद में आ गए है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 10:28 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:28 PM (IST)
भारतोली तोक में खतरे की जद में आए चार परिवार
भारतोली तोक में खतरे की जद में आए चार परिवार

संवाद सहयोगी, लोहाघाट : पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतोली के पास पहाड़ी दरकने से तोक के चार परिवारों को पंचायत घर व अन्य मकानों में शिफ्ट कर दिया गया है। बीते शुक्रवार की देर रात पहाड़ी दरकने से भारतोली तोक में निवास कर रहे दो परिवारों की रसोई, शौचालय, फलदार पौधे और उपजाऊ खेत जमींदोज हो गए। अन्य घर के आंगन और मकानों में दरारें आ गई थी। राजस्व विभाग की टीम ने मौके का मुआयना कर जायजा लिया। आपदा प्रभावित राम सिंह, किशन सिंह, कल्याण सिंह, भवान सिंह के परिवार को गांव के पंचायत घर व गांव के अन्य मकानों में शिफ्ट कर दिया हैं। तोक के पुष्कर सिंह, बलवंत सिंह, नारायण सिंह, पुष्पा देवी के मकान खतरे की जद में है। नायब तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया तोक में निवास कर रहे परिवारों के खतरे को देखते हुए उनके विस्थापन की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी गई है। इस दौरान राजस्व की टीम में सुनील माहरा, गोविंद बल्लभ, सुरेश राम आदि शामिल रहे। शुक्रवार की देर रात पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाराकोट के भारतोली ग्रीफ कैंप के समीप पहाड़ी दरकने से एनएच में मलबा आ गया था। जिससे वाहनों का संचालन बंद हो गया। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए। कई वाहन अल्मोड़ा सिमलखेत होते हुए लोहाघाट, चम्पावत पहुंचे। सल्ला के गल्ला विक्रेता उमा शंकर ने बताया शुक्रवार की सुबह राशन लेने के लिए लोहाघाट एफसीआइ गोदाम आए मार्ग बंद होने से दो दिनों से लोहाघाट में फंसे हुए है। रविवार को सिमलखेत अल्मोड़ा होते हुए सल्ला गांव के राशन ले गए। एनएच के ईई एलडी मथैला ने बताया भरतोली के पास शुक्रवार की देर रात पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा आ जाने के कारण मार्ग बंद हो गया था। रविवार को 2:30 बजे मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। अभी भी रुक-रुक कर मलबा और पत्थर आ रहे है। उन्होंने लोगों से सावधानी के साथ मार्ग पर आवाजाही करने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी