Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी का कचरा उठाने में लगेगा एक सप्ताह

शाही शादी के बाद अब औली में कूड़े के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय और लग सकता है।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Tue, 25 Jun 2019 08:13 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jun 2019 08:34 PM (IST)
Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी का कचरा उठाने में लगेगा एक सप्ताह
Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी का कचरा उठाने में लगेगा एक सप्ताह

गोपेश्वर, जेएनएन। औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शाही शादी संपन्न होने के बाद अब शादी के आयोजक और नगर पालिका कूड़ा निस्तारण में जुटे हैं। अब तक 265 क्विंटल कूड़ा उठाया जा चुका है। कूड़े के निस्तारण को एक सप्ताह का समय और लग सकता है। इस काम में पालिका के 20 कर्मचारी और शादी आयोजकों के 20 श्रमिकों को लगाया गया है। हालांकि, नगर पालिका ने 30 जून की डेटलाइन रखी है। अभी तक औली में सिर्फ दो पिकनिक स्पॉट ही क्लीन हो पाए हैं।  

औली में शाही शादी समारोह के आयोजन के दौरान से ही नगर पालिका कूड़ा निस्तारण का काम कर रही थी। 22 जून को शादी के संपन्न होने के बाद अब यहां लगे शामियाने हटने शुरू हो गए हैं। कूड़ा निस्तारण में लगे नगर पालिका के कर्मचारियों और आयोजकों के मजदूरों ने मंगलवार को 30 क्विंटल सूखा कूड़ा उठाकर वाहनों से कूड़ा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया है। 

अब तक नगर पालिका 265 क्विंटल कूड़ा औली से उठा चुकी है। अधिशाषी अधिकारी सत्य प्रकाश नौटियाल का कहना है कि अब भी 100 क्विंटल कूड़े को लाए जाने का अनुमान है। शाही समारोह आयोजकों ने अभी तक नगर पालिका को पांच लाख चौवन हजार रुपए की राशि दी है। जबकि नगर पालिका ने आठ लाख से अधिक के खर्च का अनुमान लगाया था। सफाई अभियान पूरा होने के बाद बाकी भुगतान किया जाएगा। 

कूड़ा निस्तारण पर प्रशासन की नजर 

औली में कूड़े निस्तारण पर भी प्रशासन की नजर है। प्रशासन की यहां तैनात की गई टीम प्रतिदिन के कार्यों पर नजर बनाकर इसकी रिकॉर्डिंग भी कर रही है। औली में लगे शाही टेंट को हटने का कार्य अभी बाकी है। शाही शादी के इंतजाम कर रही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ऋषि मेहरवाल ने बताया कि टेंटों के बारिश से भीगे होने के चलते इन्हें अंत में हटाया जाएगा। अभी फेरे स्थल, ग्लास हाउस, सांस्कृतिक मंच आदि को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि औली की ढलानों को साफ सुथरा किया जाएगा। जिन दो स्थानों पर पिकनिक का आयोजन हुआ था, उन्हें क्लीन कर दिया गया है। 

गुप्ता बंधु कर रहे भुगतान 

नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार ने कहा कि कूड़ा निस्तारण का कार्य चल रहा है। कूड़े को निस्तारण प्लांट में कॉम्पेक्ट कर इसे हलद्वानी भेजा जाएगा। इससे पालिका को दो लाख से अधिक की आय होने की उम्मीद है। उनका ये भी कहना है कि कूड़ा निस्तारण का भुगतान गुप्ता बंधुओं द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा कूड़ा निस्तारण के लिए एक कूड़ा वाहन भी उनके द्वारा दिए जाने का प्रस्ताव है। 

वहीं, एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि प्रशासन औली में नजर बनाए हुए है। औली में कूड़ा हटने के बाद वन विभाग से निरीक्षण रिपोर्ट लेगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि औली की ढलाने अपनी पुरानी स्थित में हैं।

19 और 22 जून को हुई थी गुप्ता बंधु के बेटों की शादी 

गौरतलब है कि  बीती 19 और 22 जून को दक्षिण अफ्रीका के प्रख्यात उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के पुत्रों की शादी औली में संपन्न हुई। औली में विवाह समारोह को लेकर विवाद भी हुआ और मामला हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट ने शादी-समारोह के लिए औली में हेलीकाप्टरों की आवाजाही पर रोक लगा दी और यहां होने वाले कूड़े की निगरानी के लिए प्रशासन को निर्देश दिए। इस पूरे मामले पर चमोली प्रशासन हाई कोर्ट को रिपोर्ट भी देगा।

सात जुलाई तक रिपोर्ट करनी होगी प्रस्तुत

वहीं, नैनीताल हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी निर्देश दिया है कि कचरे के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर सात जुलाई तक एक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मामले में अगली सुनवाई 8 जुलाई को होनी है। वहीं, कोर्ट के आदेश के बाद आयोजकों ने सिक्योरिटी के तौर पर तीन करोड़ रुपये दो किस्तों में जमा कराए हैं। 

यह भी पढ़ें: Royal Wedding In Auli: दो सौ करोड़ की शाही शादी के बाद 235 क्विंटल कूड़ा एकत्र, गुप्‍ता बंधु करेंगे पूरा भुगतान

यह भी पढ़ें: Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी, उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक बंधे शादी के बंधन में

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी