Move to Jagran APP

Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी, उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक बंधे शादी के बंधन में

औली में गुप्ता परिवार के दूसरे बेटे शशांक गुप्ता की शाही शादी हिंदू रीती रिवाज के साथ संपन्न हो गई है। शनिवार को शशांक व शिवांगी परिणय बंधन में बंधे।

By Sunil NegiEdited By: Published: Sat, 22 Jun 2019 06:48 PM (IST)Updated: Sat, 22 Jun 2019 08:11 PM (IST)
Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी, उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक बंधे शादी के बंधन में
Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी, उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक बंधे शादी के बंधन में

चमोली, जेएनएन। दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के उद्योगपति अतुल गुप्ता के पुत्र शशांक और दुबई के रियल एस्टेट कारोबारी विशाल जालान की पुत्री शिवांगी शनिवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। इस शाही शादी में शामिल हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, योग गुरु बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज व आचार्य बालकृष्ण ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

loksabha election banner

औली में सुबह से ही संगीत लहरियां गूंज रही थीं। मुंबई के मशहूर ढोल वादकों की 50-सदस्यीय टीम ने इस माहौल में और रंगत घोल दी। सुबह ठीक दस बजे बरात ने क्लिप टॉप क्लब होटल से शादी मंडप के लिए प्रस्थान किया। दोपहर 12 बजे शादी की रस्में शुरू हुईं और दो बजे शशांक व शिवांगी सनातनी रीति-रिवाजों के साथ एक-दूजे के हो गए। शाम चार बजे के आसपास नवदंपती ने जोशीमठ पहुंचकर तहसील में शादी का ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने नृसिंह मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। 

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए बेटों की शादी के लिए उत्तराखंड का चयन करने पर गुप्ता परिवार का आभार जताया। कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और औली में पहली बार शादी का आयोजन होने से देश-विदेश के पर्यटकों में इसका आकर्षण और बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन के बाद लोग उत्तराखंड को ज्यादा से ज्यादा समझने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने वर-वधू को आशीर्वाद स्वरूप रुद्राक्ष का पौधा भेंटकर उनके सुखी दाम्पत्य जीवन की कामना की। विदित हो कि गत 20 जून को उद्योगपति अजय गुप्ता के पुत्र सूर्यकांत दिल्ली के हीरा कारोबारी सुरेश सिंघल की पुत्री कृतिका के साथ विवाह बंधन में बंध चुके हैं

शादी समारोह में लगा बॉलीवुड का तड़का

औली में गुप्ता बंधुओं के पुत्रों की शाही शादी में मेहमानों के मनोरंजन के लिए फिल्म स्टारों की आवाजाही लगातार बनी रही। गायक जावेद अली, अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, मॉडल नूरा फतेही, निर्माता करणवीर बोरा, मीरा शर्मा आदि ने गीत-संगीत व नृत्य की प्रस्तुतियों से औली की फिजांओं को रंगीन बना दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के लिए कृत्रिम झील के पास ही अलग से मंच सजाया गया था। 

गढ़वाली व्यंजनों का अलग स्टाल

ग्लास हाउस में दोपहर के भोज के दौरान देशी-विदेशी मेहमानों के लिए गढ़वाली व्यंजनों का अलग से स्टाल लगाया गया था। मेहमानों ने इस स्टाल पर मंडुवे की रोटी, कंडाली (बिच्छू घास) का साग, कंडाली की सूखी सब्जी आदि पकानों का जायका लिया। 

शादी को यादगार बनाने लगाया गया स्मृति वन

शाही शादी को यादगार बनाने के लिए गुप्ता बंधुओं की ओर से क्लिप टॉप क्लब होटल के पास विभिन्न प्रजातियों के 200 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। योग गुरु बाबा रामदेव व परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में वर-वधू ने परिजनों व मेहमानों के साथ यहां देवदार, सुरांई, बांज, अखरोट, खुबानी, सेब समेत उच्च हिमालयी क्षेत्र में पनपने वाले पौधे लगाए। इस मौके पर गुप्ता बंधुओं ने कहा कि यह वन इस शादी की हमेशा याद दिलाता रहेगा। इसके संरक्षण के लिए उनका परिवार हरसंभव मदद करेगा। 

शाही शादी के दीदार को उमड़ी भीड़

इस शाही शादी का गवाह बनने के लिए जोशीमठ समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग शनिवार को औली पहुंचे। वाहनों की कमी के अधिकांश लोगों पैदल ही औली तक की दूरी नापी। गुप्ता परिवार की ओर से स्थानीय लोगों को टीका व साड़ी भेंट में दी गई। हालांकि, लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण सबको उपहार नहीं मिल पाया। 

न शराब परोसी, न मांसाहार हुआ

औली में आयोजित इस शाही शादी की खास बात यह रही कि इसमें सिर्फ शाकाहारी व्यंजनों को ही वरीयता दी गई। मेहमानों को मांसाहारी भोजन के साथ शराब पार्टी से भी दूर रखा गया। ताकि देवभूमि की पवित्रता बनी रहे। 

देशवासियों को मिलेगी सात्विकता की प्रेरणा : चिदानंद

परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि यह शादी उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश में सात्विकता का संदेश देने में सफल होगी। कहा कि देवभूमि की मर्यादा को बनाए रखने में गुप्ता परिवार का सहयोग सराहनीय है।

शादी में शामिल होने को लेकर असमंजस में था: अजय भट्ट

चमोली जिले के औली में आयोजित शाही शादी में शामिल होने पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नैनीताल के सांसद अजय भट्ट ने कहा कि 'औली में आयोजन को लेकर उठे विवाद के बाद मैं असमंजस में था कि विवाह समारोह में जाऊं या नहीं।' उन्होंने कहा कि जब देश की जानी-मानी हस्तियां विवाह में पहुंची तो मैं भी खुद को रोक नहीं पाया। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर विवाद ठीक नहीं है। सरकार की ओर से न्यायालय में सही ढंग से पैरवी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि गुप्ता परिवार अपने बेटों की शादी दुनिया के किसी भी देश में कर सकते थे, लेकिन उन्होंने इसके लिए औली को चुना। उन्होंने कहा कि इससे औली को वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान दिलाने के प्रयास सफल होंगे। 

डीएम-एसपी ने किया समारोह स्थल का निरीक्षण 

नैनीताल उच्च न्यायालय के निर्देशों के चलते प्रशासन की टीम शादी समारोह के पल-पल के कार्यक्रमों पर नजर रखे हुए थी। स्वयं जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया व पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने भी औली पहुंचकर समारोह स्थल व आसपास का निरीक्षण किया। साथ ही ड्रोन से भी समारोह स्थल पर नजर रखी गई। 

मुख्यमंत्री ने नवदंपती को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि औली में गुप्ता बंधुओं के सुपुत्र की शादी में शामिल होकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया। मुझे ख़ुशी है कि औली को वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान दिलाने में ये प्रयास सफल होंगे। पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटन हब के तौर पर उत्तराखंड को देश विदेश में नई पहचान मिल रही है। पर्यटन, स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार देने और पलायन रोकने में कारगर साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें: Royal Wedding In Auli: उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की हुई रिंग सेरेमनी, शनिवार को होगी शादी

यह भी पढ़ें: Royal Wedding In Auli: औली में दो सौ करोड़ की शाही शादी, उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक बंधे शादी के बंधन में

यह भी पढ़ें: Royal Wedding In Auli: दो सौ करोड़ की शाही शादी के बाद 235 क्विंटल कूड़ा एकत्र, गुप्‍ता बंधु करेंगे पूरा भुगतान

Royal Wedding In Auli: औली में 101 ब्राह्मणों ने कराई शाही शादी, वर वधू ने किया ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.