मवेशी को बेसहारा छोड़ने पर पशुपालक दंडित

नगर की सड़कों में पशुओं को बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ नगरपालिका ने कार्रवाई शुरू की।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 Mar 2020 10:41 PM (IST) Updated:Thu, 19 Mar 2020 06:12 AM (IST)
मवेशी को बेसहारा छोड़ने पर पशुपालक दंडित
मवेशी को बेसहारा छोड़ने पर पशुपालक दंडित

बागेश्वर, जेएनएन: नगर की सड़कों में पशुओं को बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ नगरपालिका ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पशुपालक तक पालिका मवेशी के टैग के जरिये पहुंची और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जिससे पशुपालकों में हड़कंप मच गया है।

नगर में बेसहारा पशुओं की संख्या में एकाएक इजाफा हो गया है। पूर्व में पालिका ने करीब 91 बेसहारा पशु गो-सदन भेजे थे। उसके बाद कुछ समय लोगों को राहत मिली। लेकिन इसबीच फिर से सैकड़ों बेसहारा पशु सड़कों पर घूमने लगे हैं। एक टैग लगी गाय कूड़ादान के समीप खड़ी थी। उसके कान पर टैग लगा था। पालिका ने पशुपालन विभाग को उसका टैग भेजा और उसके मालिक का पता लगाया। उसके बाद पशुपालक पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। पालिका के अनुसार नगर की सड़कों में पशुओं को छोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पशुओं को छोड़ने वालों की पहचान बताने वालों को भी पालिका अलग से सम्मानित करेगी। ईओ राजदेव जायसी ने बताया कि स्थानीय निवासी रमेश की गाय को कूडे़दान में चुगते हुए पकड़ा गया है। उसके कान में टैग भी है। संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और पांच हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

chat bot
आपका साथी