दस मकान ध्वस्त, दर्जनभर को आंशिक क्षति

By Edited By: Publish:Sat, 26 Jul 2014 08:30 PM (IST) Updated:Sat, 26 Jul 2014 08:30 PM (IST)
दस मकान ध्वस्त, दर्जनभर को आंशिक क्षति

:::::::आपदा का क्रम:::::

= भारी बरसात के बाद दर्ज हो रहे नुकसान के मामले

= प्रभावित परिवारों के सामने आसरे का संकट

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के बाद से नुकसान की शिकायतें बढ़ते जा रही हैं। इस बीच 10 मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा दर्जनभर घरों को आंशिक क्षति पहुंचने के मामले प्रकाश में आए हैं। प्रभावित परिवारों के समक्ष आसरे का संकट पैदा हो रहा है।

बरसात से नुकसान का सिलसिला जारी है। गत दिनों भारी वर्षा से कमजोर आवासीय मकान अब रुक-रुक कर हो रही बारिश में जवाब दे रहे हैं। यहां आपदा कंट्रोल रूप में ऐसी शिकायतों के दर्ज होने का क्रम जारी है। निकटवर्ती एनटीडी पटवारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुरसों निवासी कवर राम पुत्र सोबन राम का आवासीय मकान 23 जुलाई की रात्रि वर्षा में पूर्ण रूप से ध्वस्त हो गया। इस गरीब के समक्ष अब आसरे का संकट पैदा हो गया है। उसने इसकी शिकायत दर्ज कर प्रशासन से तत्काल मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है। इसके अलावा सोमेश्वर तहसील अंतर्गत भारी वर्षा से ग्राम नैनोली में गजेन्द्र सिंह मेहरा के मकान की पीछे की दीवार ढह गई। जिससे मकान में दरारें आ गई और खतरे की आशंका पैदा हो गई है। उन्होंने भी जिला आपदा प्रबंधन में शिकायत दर्ज की है। लोअर माल रोड अल्मोड़ा में खत्याड़ी के पास बड़ा बोल्डर सड़क पर आ गिरा। जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। किनारे से वाहन निकलने से समीप ही आनंद सिंह सौतियाल के मकान को खतरे की आशंका बनी है।

इसके अलावा इस बीच कई अन्य मामले आपदा कंट्रोल रूप में दर्ज हुए हैं। जिनके अनुसार भनोली तहसील अंतर्गत आठ व रानीखेत तहसील में एक मकान तीक्ष्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि एक दर्जन मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। इनमें से भनोली तहसील का एक, सोमेश्वर तहसील के छह व रानीखेत तहसील के पांच मकान शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी