थिरकी पर्यटन नगरी

रानीखेत : 'खोल दे माता खोल भवानी धार में किवाड़ा..', सुदूर मंगचौड़ा के धार में दिल को छू देने वाली म

By Edited By: Publish:Mon, 30 Mar 2015 11:08 PM (IST) Updated:Tue, 31 Mar 2015 05:06 AM (IST)
थिरकी पर्यटन नगरी

रानीखेत : 'खोल दे माता खोल भवानी धार में किवाड़ा..', सुदूर मंगचौड़ा के धार में दिल को छू देने वाली मां भगवती की स्तुति। पहाड़ की खड़ी चढ़ाई पर चैत के झोड़ा गीत पर बढ़ते कदम जैसे थकान पर भारी पड़ रहे थे। बुजुर्ग महिला-पुरुष गायकों की उमंग से भरी टोली युवा पीढ़ी को चैत्र मास की इस परंपरा को जिंदा रखने का संदेश देते माठू-माठ पर्यटन नगरी पहुंची। जहां पारंपरिक हुड़के की गमक, ढोलक की थाप व मजीरे की खनक पर दिन पर झोड़ा गीतों मोहक ध्वनि मुग्ध करती रही।

यह पहला मौका था जब चैत्र मास पर कई दशकों बाद दूर गांव के बुजुर्ग गायकों की टोली ने नगर में परंपरा को जीवंत किया। खास बात कि इन महिला-पुरुषों में धरोहर के संरक्षण का जुनून देख युवाओं का जज्बा भी जाग उठा। सोमवार को ग्राम प्रधान मंगचौड़ा जयपाल सिंह मेहरा की अगुवाई में सैकड़ों महिला-पुरुष झोड़ा गाते खड़ी चढ़ाई पर थिरकते पर्यटन नगरी पहुंचे। 'ठुमा-ठुमा गंग नैउलौ ऐ छै साई म्यार दगाड़ा..' गीत पर माठू-माठ ऐतिहासिक सोमनाथ ग्राउंड रोड होते हुए ग्रामीण विजय चौक के पास रंगोली पार्क पहुंचे। यहां ब्लॉक प्रमुख एवं मंगचौड़ा से बीडीसी रचना रावत ने पारंपरिक अंदाज में ग्रामीणों का स्वागत किया।

अल्प विश्राम के बाद 'चाकोटै की पार्वती तीलै धारौ बौला..', 'ओ परू डाखाड़ बतै दे छम् .. डाखाड़ा पोखर बतुनी छम..' आदि गीतों पर गोल घेरे में हाथों से हाथ बांध सामाजिक एकता का संदेश देते लोग मुख्य बाजार से शिव मंदिर प्रांगण पहुंचे। यहां शाम तक झोड़ा गीत-नृत्य का दौर अनवरत चला।

=== इंसेट ===

बुजुर्ग जिनमें दिखी संस्कृतिक संरक्षण की धुन

बुजुर्ग झोड़ा गायक शेर सिंह, राम लाल, शमशेर सिंह, प्रेम राम। महिला गायक देवकी देवी, मंजू देवी, परुली देवी, हेमा देवी, सावित्री देवी, रेवती देवी, खिमुली देवी, आशा देवी, बचुली देवी, कमला देवी के साथ ही नंदन सिंह, बची राम, गोपाल राम आदि ने समा बांधा तो संस्कृति के संरक्षण का पैगाम भी दिया।

=== इंसेट===

सद्भावना होली के बाद दूसरी पहल

मंगचौड़ा के वाशिंदों ने इससे पहले सद्भावना होली का भी आयोजन किया था। अब चैत्र मास पर परंपरानुसार झोड़ा आयोजन की पहल सराहनीय रही। रंगोली पार्क में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हीरा रावत व बसंत नेगी की ओर से ग्रामीणों की हौसलाअफजाई को शीतल पेय, फलाहार आदि का प्रबंध किया गया।

chat bot
आपका साथी