Weather forecast for varanasi : पूर्वांचल में आसमान साफ, जानिए सप्ताह भर के मौसम का हाल
पूर्वांचल में आसमान साफ जानिए सप्ताह भर के मौसम का हाल।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख अब गर्मी और उमस की ओर होने जा रहा है। निसर्ग तूफान के असर से हुई बरसात के बाद पूर्वांचल में तापमान में काफी कमी आई थी जो अब बढ़ने जा रही है। वहीं बारिश होने के बाद किसान भी अब खेतों की ओर रुख कर चुके हैं। वहीं मानसून भी लगातार सक्रिय होकर पूर्वांचल की ओर रुख कर रहा है। मानसून इस समय महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के पास है। तेलंगाना मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ पार कर यह सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में 20 जून के आसपास प्रवेश करेगा।
वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग की ओर से जारी मानसूनी चार्ट के अनुसार मानसून अब कर्नाटक के आगे महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में दस्तक देने की तैयारी में है। इसके बाद मानसून तेलंगाना और मध्य प्रदेश होते हुए सोनभद्र के रास्ते समूचे उत्तरप्रदेश में दाखिल होकर बारिश कराएगा।
पूर्वांचल में हमेशा 20 जून के आसपास मानसून दस्तक दे देता है लिहाजा इस बार अगर मानसून कुछ देर भी हुआ तो 20-25 जून तक मानसूनी बादलों की सक्रियता पूर्वांचल में नजर आने लगेगी। इससे पूर्व प्री मानसूनी बारिश का भी दौर बना रहने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। विभाग से अनुसार पूर्वांचल में वातावरण से पर्याप्त नमी मिली तो बादल बीच बीच मे बूंदाबांदी कराते रहेंगे। हालांकि स्थानीय परिस्थितियां भी बादलों और बारिश का कारण बनेंगी।
मौसम का रुख
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम पारा 24.2 डिग्री रहा। दोनों ही तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। इस दौरान आर्द्रता अधिकतम 67 फीसद और न्यूनतम 46 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा इसके बाद बादलों की सक्रियता हो सकती है। फिलहाल सोमवार को मौसम गर्म रहेगा और बादलों की मामूली सक्रियता होगी। हालांकि पर्याप्त नमी वातावरण से मिलने पर मानसून से पूर्व पूर्वांचल में बूंदाबांदी भी हो सकती है। जबकि कृषि विशेषज्ञ आने वाले खेती सत्र के लिए इस बार पर्याप्त बारिश की उम्मीद जता रहे हैं।