डोमरी को मिलाकर बनेगा सूजाबाद नगर पंचायत, शासन ने जारी की अधिसूचना

नए वर्ष में जनपद में तीन से बढ़कर पांच नगर निकाय हो जाएंगे। शासन ने सूजाबाद को नगर पंचायत बनाने की संस्तुति दे दी है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 01 Jan 2020 09:40 AM (IST) Updated:Wed, 01 Jan 2020 11:07 AM (IST)
डोमरी को मिलाकर बनेगा सूजाबाद नगर पंचायत, शासन ने जारी की अधिसूचना
डोमरी को मिलाकर बनेगा सूजाबाद नगर पंचायत, शासन ने जारी की अधिसूचना

वाराणसी, जेएनएन। नए वर्ष में जनपद में तीन से बढ़कर पांच नगर निकाय हो जाएंगे। शासन ने सूजाबाद को नगर पंचायत बनाने की संस्तुति दे दी है। सूजाबाद नगर निकाय में प्रधानमंत्री आदर्श गांव डोमरी को भी शामिल किया गया है। एक माह पहले ही लोहता को भी नगर निकाय बनाने की मंजूरी दी गई थी। जिले में पहले से नगर निगम, नगर पालिका रामनगर और नगर पंचायत गंगापुर अस्तित्व में है।

एडीएम प्रोटोकाल अतुल कुमार ने बताया कि नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह की ओर से सूजाबाद को नगर पंचायत बनाने की अधिसूचना जारी की गई है।  इसके मुताबिक ग्राम सूजाबाद के गाटा संख्या 01 से लेकर 1017 तथा ग्राम डोमरी के गाटा संख्या 01 से 1028 पर नगर पंचायत का गठन किया जाएगा।  नगर पंचायत के लिए प्रस्तावित अधिसूचना को लेकर आपत्ति या सुझाव 15 दिन में नगर विकास विभाग के सचिव अनुभाग एक के यहां लिखित तौर पर दिया जा सकता है।  तय समय में मिले सुझाव और आपत्तियों को विचार के बाद सूजाबाद नगर पंचायत गठन में शामिल किया जाएगा।

यहीं बन रहा हेलीपैड

प्रस्तावित नगर पंचायत सूजाबाद में शामिल डोमरी गांव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदर्श गांव के रूप में गोदी लिया है। यहीं पर हेलीकाप्टर से हवाई भ्रमण के लिए हेलीपैड बनाया जा रहा है। अद्र्धनिर्मित हेलीपैड पर फिलहाल न्यायालय ने तकनीकी कारणों से रोक लगा दी है। वहीं, क्षेत्र में कॉलोनियां विकसित हो रहीं हैं।

43 हजार आबादी होगी शामिल

वाराणसी शहर से चलकर राजघाट पुल से गंगा पार करते ही बाईं तरफ ग्राम सूजाबाद है। लगभग 35 हजार की आबादी  वाले इस गांव के दाहिनी तरफ डोमरी है। इसकी आबादी करीब आठ हजार है। कुल मिलाकर 43 हजार आबादी यहां निवास करती है। डोमरी में ही अवधूत भगवान राम, सतुआ बाबा और जनार्दन स्वामी का आश्रम है। साथ ही यहां दो बड़े निजी विद्यालय, प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल, ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कार्यालय भी है। पूरा क्षेत्र एनएच-7 और गंगा के बीच स्थित है।

chat bot
आपका साथी