संविधान, कानून और कोर्ट को नहीं मानती ममता सरकार, भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल परिचर्चा में बोले दिलीप घोष

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार संविधान कानून और कोर्ट को नहीं मानती। यह बातें पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने मंगलवार को कही। भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 02 Jun 2021 08:50 AM (IST) Updated:Wed, 02 Jun 2021 01:15 PM (IST)
संविधान, कानून और कोर्ट को नहीं मानती ममता सरकार, भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल परिचर्चा में बोले दिलीप घोष
भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष।

वाराणसी, जेएनएन। पिछले 40-50 वर्षों से पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र गायब है। पहले कांग्रेस फिर सीपीएम और अब टीएमसी ने हिंसा और अराजकता के बल पर चुनाव जीते। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार संविधान, कानून और कोर्ट को नहीं मानती। यह बातें पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने मंगलवार को कही। वे केंद्र की मोदी सरकार के सात वर्ष पूर्ण होने पर सप्ताहव्यापी सेवा कार्यक्रमों की कड़ी में पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर भाजपा काशी क्षेत्र की वर्चुअल परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

कहा पश्चिम बंगाल क्रांतिकारियों, समाज सुधारकों और अध्यात्म की भूमि है। जिस प्रदेश में रवींद्र संगीत गूंजता था, आज वह गोलियों और बमों की आवाज से थरथरा रहा है। हर तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं के खून से सनी लाशें दिखाई पड़ती हैं। घर से सुबह निकला हुआ भाजपा कार्यकर्ता शाम को घर वापस लौटैगा कि नहीं यह कहना मुश्किल है। पिछले पांच सालों में 166 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई। मगर कार्यकर्ताओं का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। इस बार विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी के गुंडों ने 37 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की। महिला कार्यकर्ताओं का दुराचार किया गया। घर जला दिए गए। दुकानें लूट ली गईं। हालात इतने भयावह हैं कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश छोड़कर असम, बिहार व अन्य प्रदेशों में शरण लिए हुए हैं। इतना अत्याचार सहने के बावजूद कार्यकर्ताओं का मनोबल बहुत ऊंचा है।

डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान की जो परंपरा शुरू की, बंगाल के भाजपा कार्यकर्ता आज भी जारी रखे हुए हैं। बंगलादेश नजदीक होने के कारण घुसपैठियों का यहां बोलबाला रहा है। रोहिंग्या घुसपैठियों के बल पर सरकार बनती रही। यहां के लोग भी इन राष्ट्र विरोधी ताकतों से परेशान हैं। आज भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में प्रमुख विपक्षी दल है। हमें पूरा भरोसा है कि हम अपने मिशन में जरूर कामयाब होंगे। वर्चुअल परिचर्चा में भाजपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ से प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री-संगठन सुनील बंसल भी जुड़े रहे। काशी क्षेत्र से वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा आदि जुड़े थे।

chat bot
आपका साथी