कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब दस अक्‍टूबर को वाराणसी आएंगी, दो बार तिथि में हुआ बदलाव

अब प्रियंका गांधी वाड्रा नौ अक्टूबर के बदले दस को काशी आएंगी। पहले दो अक्टूबर को उनका प्रस्तावित दौरा था जिसे पितृपक्ष के कारण स्थगित कर दिया गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा काशी में सात घंटे रहेंगी। जगतपुर डिग्री कालेज के मैदान में सभा होगी।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 02:07 PM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 05:36 PM (IST)
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब दस अक्‍टूबर को वाराणसी आएंगी, दो बार तिथि में हुआ बदलाव
प्रियंका गांधी वाड्रा नौ अक्टूबर के बदले दस को काशी आएंगी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। उत्‍तर प्रदेश में आगामी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा काशी से करेंगी। अब प्रियंका गांधी वाड्रा नौ अक्टूबर के बदले दस को काशी आएंगी। पहले दो अक्टूबर को उनका प्रस्तावित दौरा था, जिसे पितृपक्ष के कारण स्थगित कर दिया गया है। इस दौरे में वह बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ, मां कुष्मांडा, बाबा काल भैरव दरबार में दर्शन करके आशीष लेंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के इस दौरे में एक जनसभा भी प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि जगतपुर डिग्री कालेज के मैदान में प्रियंका गांधी वाड्रा करीब एक लाख लोगों को संबोधित करेंगी।

प्रियंका गांधी वाड्रा काशी में सात घंटे रहेंगी। दिल्ली से चलकर सुबह 11 बजे वह काशी पहुंचेंगी। उसके बाद वह सीधे बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार, बाबा काल भैरव दरबार, दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद वह एक बजे जगतपुर पहुंचेगी। वहां करीब डेढ़ बजे वह जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद जलपान ग्रहण के बाद वह शाम छह बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

माना जा रहा है कि इस जनसभा में संगठन की ओर से 'वर्ष 2022' के चुनाव के लिए प्रत्येक जिले की समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाए जाने की बात भी होगी। प्रियंका गांधी की प्रस्तावित जनसभा के लिए स्थानीय स्तर पर कांग्रेसी तैयारियों में जुट गए हैं। इसके लिए जगह की तलाश भी की जा रही है। हालांकि अभी जनसभा कहां होगी, रोड शो का रूट क्या होगा इस पर विचार विमर्श चल रहा है। प्रियंका अपने इस प्रस्तावित दौरे के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्र के एक-एक विधानसभा में जाकर आम लोगों से मुलाकात भी करेंगी। जनसभा और रैली की तैयारियों में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर बैठकें भी कर रहे हैं । इसमें अधिक से अधिक लोगों को जुटाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी