माल लदान व पार्सल बुकिंग में पीडीडीयू मंडल की उपलब्धि, 14.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्‍त

माल लदान व पार्सल बुकिंग करने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीते दिसंबर माह में माल लदान से 14.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वर्ष 2019 के दिसंबर माह में 6.29 करोड़ रुपये आय अर्जित की गई थी।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Mon, 04 Jan 2021 06:10 AM (IST) Updated:Mon, 04 Jan 2021 11:54 AM (IST)
माल लदान व पार्सल बुकिंग में पीडीडीयू मंडल की उपलब्धि, 14.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्‍त
माल लदान व पार्सल बुकिंग करने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

चंदौली, जेएनएन। माल लदान व पार्सल बुकिंग करने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीते दिसंबर माह में माल लदान से 14.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2019 के दिसंबर माह में 6.29 करोड़ रुपये आय अर्जित की गई थी। यानि इस बार 139 प्रतिशत अधिक आय हुई है। वहीं पार्सल बुकिंग में मंडल ने वर्ष 2019 के दिसंबर माह में 14.22 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया था, लेकिन 2020 के दिसंबर माह में 48.54 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है, यह 241 प्रतिशत से अधिक है।

पीडीडीयू मंडल बिजनेस डेवेलपमेंट यूनिट के जरिए व्यापारियों को रेल मार्ग से जोडऩे का प्रयास कर रहा है। चार दिसंबर को मंडल द्वारा अपने निकटस्थ रेल मंडलों के साथ रिकॉर्ड 342 मालगाडिय़ों का आदान-प्रदान (इंटरचेंज) किया गया, जो कि मंडल द्वारा एक दिन में किया गया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है। निरंतर प्रयास से कम समय में अधिक से अधिक मालगाडिय़ों को परिचालित करने की क्षमता की ओर इंगित करती मंडल की यह बड़ी उपलब्धि है।

एक दिन में 1.60 करोड़ की आमदनी

13 दिसंबर को मंडल के विभिन्न रेक प्वाइंट से चार फुल रैक तथा एक मिनी रैक का लदान किया गया, जो एक दिन में किया गया अपना अब तक का सर्वाधिक माल लदान है। माल लदान से लगभग 1.60 करोड़ के राजस्व का अर्जन हुआ, जो डीडीयू मंडल द्वारा एक दिन के माल लदान से प्राप्त अब तक का सर्वाधिक राजस्व है। सोन नगर रैक प्वाइंट से 59 वैगन क्लिंकर का लदान किया गया। यह पहली बार है कि मंडल में क्लिंकर का लदान किया गया।

पहली बार धान व चावल का हुआ लदान

विभिन्न रैक प्वाइंट से 948 वैगन धान तथा 84 वैगन चावल का लदान किया गया। मंडल में इन उत्पादों के गत वर्ष दिसंबर 2019 में एक भी वैगन लोड नहीं हुए थे। खाद्यान्नों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ साथ रेल राजस्व में वृद्धि की दृष्टि से मंडल के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।

219 लांग हाल मालगाडिय़ों का परिचालन

मालगाडिय़ों की औसत परिचालन गति 52.85 किमी प्रति घंटा रही, जो पिछले वर्षों में इस गति की लगभग आधी हुआ करती थी। पूर्व मध्य रेल में विशेषकर धनबाद मंडल में त्वरित माल लदान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान करते हुए मंडल द्वारा दिसंबर में कुल 219 लांग हाल मालगाडिय़ों का संयोजन कर भेजा गया।

माल परिवहन को लेकर पीडीडीयू मंडल काफी सजग

माल परिवहन को लेकर पीडीडीयू मंडल काफी सजग है। अधिकारियों व कर्मचारियों के मेहनत है कि मंडल एक के बाद एक कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भविष्य में और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।

- राजेश कुमार पांडेय, डीआरएम, पीडीडीयू मंडल।

chat bot
आपका साथी