सीमा विवाद में सात घंटे पड़ा रहा किसान का शव

संवाद सूत्र, गंजमुरादाबाद : हाईटेंशन के टूटे तार ने खेत में लोबिया तोड़ने गए किसान का जीव

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Nov 2018 06:03 PM (IST) Updated:Wed, 07 Nov 2018 06:03 PM (IST)
सीमा विवाद में सात घंटे पड़ा रहा किसान का शव
सीमा विवाद में सात घंटे पड़ा रहा किसान का शव

संवाद सूत्र, गंजमुरादाबाद : हाईटेंशन के टूटे तार ने खेत में लोबिया तोड़ने गए किसान का जीवन निगल लिया। बांगरमऊ और हरदोई पुलिस के सीमा विवाद में सात घंटे शव खेत में पड़ा रहा। तीन घंटे घटनास्थल पर पुलिस के न पहुंचने से गुस्साए लोगों ने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिला जाम खुलवाया। उधर जाम की सूचना पर मल्लावां पुलिस ने मौके पर पहुंच शव पोस्टमार्टम को भेजा।

क्षेत्र के ग्राम ककरिहा पुरवा निवासी नन्हे (53) कुछ साल पहले ग्राम सुल्तानपुर में डेढ़ बीघा खेत खरीदा था। बुधवार सुबह वह खेत में लोबिया तोड़ने पहुंचा था। इस दौरान ऊपर से निकला हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर गिर गया। तार को देख न सका नन्हे चपेट में आकर जान गवां बैठा। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो तार से चिपका मिला। मृतक के तीन पुत्र है। उसकी पत्नी गोमती और बच्चे शव देख बदहवास हो गए। दीवाली त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। सूचना बांगरमऊ पुलिस को दी गई पर पुलिस ने घटनास्थल हरदोई के मल्लावां का बता पल्ला झाड़ लिया। मल्लावां थाना पुलिस घटना बांगरमऊ की बता नहीं पहुंची। इस दौरान तीन घंटे तक पुलिस के न पहुंचने पर गुस्साए ग्रामीणों ने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के सामने जाम लगा दिया। जाम की सूचना बांगरमऊ पुलिस ने मल्लावां पुलिस को दी और मौके पर पहुंच विद्युत विभाग के कर्मियों पर कार्रवाई की बात कह सभी को शांत करा जाम खुलवाया। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस के सीमा विवाद में सात घंटे खेत से शव नहीं उठाया गया। बाद में मल्लावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

chat bot
आपका साथी