लापता मासूम की हत्या, शव बाग में मिला

By Edited By: Publish:Mon, 21 Apr 2014 08:03 PM (IST) Updated:Mon, 21 Apr 2014 08:03 PM (IST)
लापता मासूम की हत्या, शव बाग में मिला

हसनगंज, संवादसूत्र : तीन दिन से लापता डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के निकट ही यूकेलिप्ट्स के बाग में पड़ा मिला है। परिवार के लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृत बच्चे के पेट, कमर व चेहरे पर चोट के निशान हैं। प्रत्यक्षदर्शी अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। पिता का कहना है किसी से रंजिश नहीं है। उसने पुलिस को अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।

हसनगंज थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर पचिगहना निवासी मंशाराम शनिवार को पांच वर्षीय बेटी सुभाषिनी के साथ अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र राज को छोड़कर खेतों पर गेहूं की फसल काटने गया था। उसी दिन सायं चार बजे लड़की भाई को छोड़ शौच के लिए चली गयी, लौटकर आने पर भाई राज लापता मिला। लड़की ने माता पिता को खेत पर जाकर सूचना दी। परिजन पूरी रात गांव में व खेतों पर ढूंढ़ते रहे पर कोई पता नही चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मां-बाप को तलाश करने की सूचना देकर थाने से चलता कर दिया। सोमवार को प्रात:10 बजे चरवाहे बकरियां चराने गये थे जहां गांव से कुछ दूर स्थित हरमोहन के यूकेलिप्टस के बाग में राज का शव पड़ा देखा। गायब बच्चे का शव मिलने की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का मौके पर तांता लग गया।

मृतक के पिता के बताया गांव में हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं है। सवाल यह उठता है कि मासूम की हत्या किसने और किन कारणों से की इसका जवाब मां-बाप और पुलिस कोई भी नहीं दे पा रहा है। माना जा रहा है कि अपहरण के बाद हत्या कर शव फेंका गया है।थानाध्यक्ष श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि शव को परीक्षण के लिए भेजा गया है उसी के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकता है।

फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य

थानाध्यक्ष की सूचना पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस के पहुंचने से पहले परिवार और गांव वाले मौके पर पहुंच गए थे इससे महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की संभावना कम है।

दो वर्ष पहले ही की थी शादी

मंशाराम ने दो वर्ष पहले हसनगंज थाने के सैरपुर गांव निवासिनी इन्द्रकुमारी से शादी की थी। इंद्रकुमारी के पहले पति से तीन वर्ष की पुत्री सुभाषिनी है। राज मंशाराम से पैदा हुआ था।

chat bot
आपका साथी