16 चुनावों में सिर्फ एक बार मिला महिला को विधायक बनने का गौरव

आबिद अली ही लगा सके हैट्रिक जीत का चौका लगाने में वह भी गए चूक। 1977 से अब तक सर्वाधिक मतों के अंतर से जीतने वाले प्रत्याशी हैं जासमीर।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Jan 2022 11:25 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jan 2022 11:25 PM (IST)
16 चुनावों में सिर्फ एक बार मिला महिला को विधायक बनने का गौरव
16 चुनावों में सिर्फ एक बार मिला महिला को विधायक बनने का गौरव

सीतापुर : परिसीमन आदेश 1956 में आने के बाद विधानसभा क्षेत्र में विधायकी का पहला चुनाव 1967 में हुआ था। 2008 में संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन आदेश पारित हुआ तो निर्वाचन क्षेत्र को पहचान संख्या 148 मिली। लहरपुर विधानसभा क्षेत्र के गठन के बाद अब तक कुल 16 चुनाव हुए हैं। इन चुनावों में अब तक सिर्फ एक बार महिला विधायक चुने जाने का गौरव चंद्रकली वर्मा के नाम है। इनके बाद लहरपुर से कोई महिला विधायक नहीं बनी।

भाजपा के टिकट पर लड़ी चंद्रकली वर्मा ने 1989 के चुनाव में जनता दल के उम्मीदवार रहे दिवंगत बुनियाद हुसैन अंसारी को 12,287 मतों से हराया था। वैसे क्षेत्र में 1957 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में प्रताप भान प्रकाश सिंह निर्दलीय विधायक चुने गए थे।

हैट्रिक लगा चुके आबिद अली :

एक समय था जब लहरपुर की जनता कांग्रेस के आबिद अली को सिर पर बैठाए थी। यही कारण था कि अब तक के16 चुनावों में हैट्रिक लगाने वाले प्रथम विधायक का कीर्तिमान अब तक आबिद अली के ही नाम है। 1969 और 1974 में आबिद अली कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। फिर इन्होंने 1977 में दल बदल लिया और वह जयहिद नेशनल पार्टी (जेएनपी) में शामिल हो गए। आबिद अली का यह दांव कारगर साबित हुआ और उन्होंने लगातार तीसरी बार विधायक बनकर लहरपुर से हैट्रिक लगा दी। लेकिन, आबिद अली ने इस बीच में जयहिद नेशनल पार्टी को छोड़कर फिर कांग्रेस का दामन थामा और 1980 का चुनाव लड़े। जनता ने इस बार आबिद अली को चौथी बार सिरे से खारिज कर जनता पार्टी के हरगोविद वर्मा को अपना विधायक चुन लिया। फिर आबिद अली लहरपुर से विधायक नहीं बन पाए।

यह भी समझिए :

2017 के चुनाव में भाजपा के सुनील वर्मा ने बसपा उम्मीदवार रहे जासमीर अंसारी को 9,118 मतों के अंतर से हराया था। 1977 से 2017 के चुनाव तक 39 वर्ष के अंतराल में सर्वाधिक मतों से विजेता बनने वाले में जासमीर अंसारी हैं। इन्होंने वर्ष 2012 के चुनाव में सर्वाधिक 17,672 मतों के अंतर से कांग्रेस के अनिल वर्मा को हराया था। सबसे कम 314 अंतर के मतों से 2002 के चुनाव में सपा के अनिल कुमार वर्मा ने बसपा के हाजी जलीस अहमद को हराने का रिकार्ड बनाया।

यह भी है गणित :

इस सीट पर मुस्लिम व अनुसूचित जाति के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। वर्तमान में कुल 3,51,268 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 1,85,973 हैं। महिला वोटर 1,65,259 और 36 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

chat bot
आपका साथी