जलस्तर घटा लेकिन कटान जारी

By Edited By: Publish:Fri, 25 Jul 2014 11:53 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jul 2014 11:53 PM (IST)
जलस्तर घटा लेकिन कटान जारी

सीतापुर: गांजर क्षेत्र में कहर बरपा रही घाघरा, चौका व शारदा नदियों के जल स्तर में कमी आई है, लेकिन जल स्तर में कमी के साथ-साथ कटान का क्रम कम नहीं हुआ है। जिले के रामपुर मथुरा, रेउसा, लहरपुर विकासखंड को अपनी गिरफ्त में लेने वाली इन नदियों के कारण जिले के करीब दो सौ गांवों की करीब पचास हजार की आबादी प्रभावित है। शुक्रवार को रामपुरमथुरा क्षेत्र के हुए कटान के कारण आठ घर घाघरा नदी में समा गए। वहीं बाढ़ पीडि़तों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित गांव में पहुंचकर पूड़ी के पैकेट वितरित किए।

जिले में आई बाढ़ से रामपुरमथुरा विकासखंड क्षेत्र के घाघरा व चौका नदी में 25 गांवों की करीब 15 हजार जनसंख्या प्रभावित है। यहां शुक्रवार को घाघरा कटान में 8 घर समा गए। घाघरा नदी खतरे के निशान से 40 सेंटीमीटर जबकि चौका नदी 20 सेंटीमीटर नीचे थी। रेउसा विकासखंड में घाघरा व शारदा नदी के कारण 70 गांवों के करीब 50 लोग प्रभावित हैं। यहां घाघरा का जल स्तर 20 सेंटी मीटर खतरे के निशान से कम था जबकि शारदा नदी का जल स्थिर था। लहरपुर विकासखंड के मतुआ, सोंसरी, तंबौर क्षेत्र में घाघरा में आई बाढ़ के कारण क्षेत्र के 25 गांव बाढ़ की गिरफ्त में हैं जिनमें करीब 15 हजार आबादी प्रभावित है। जबकि तंबौर का एक बारह वर्षीय बालक के नदी में डूबने से मृत्यु हो गई।

रामपुरमथुरा संवादसूत्र के अनुसार: रामपुरमथुरा क्षेत्र में घाघरा नदी के कटान में फतुल्लापुर के 5 घर कट गए। नदी में जिनके घर कटे उनमें मुरली, पारस, हरदास, छुट्कन्नू, टेंढे हैं। कटान के कारण क्षेत्र के 50 पेड़ कट गए। वहीं जिनके घर पक्के हैं उनके स्वामी अपने घरों को स्वयं तोड़ रहे थे। जिनमें कृपाराम, लाल बाबू, प्यारे लाल, ऊषा देवी, रामहर्ष, छुट्कन्नू, अगली, गुड्डू हैं। यहां एसडीएम ने ग्रामीणों को पूड़ी के पैकेट व 250 लोगों को तिरपाल का वितरण किया गया।

रेउसा संवादसूत्र के अनुसार: घाघरा व चौका नदी के कारण यहां 70 गांवों के 60 हजार लोग प्रभावित हैं। यहां घाघरा नदी के कटान में टिब्भा के 6 घर नदी में समा गए। जिनमें हेमराज, राकेश, ब्रम्हा, मुन्नालाल, कमलेश, सुरेश का घर नदी में समा गए। गोबरहिया, चौका, किवानी नदी का जल स्तर कम हुआ है लेकिन काशीपुर मल्लापुर में कटान का क्रम जारी है। यहां बाढ़ पीड़ितों को एसडीएम सर्वेश गुप्ता ने अंधपुर, गोविंदपुर, समुरी में पूड़ी के पैकेट का वितरण किया।

मतुआ संवादसूत्र के अनुसार:

क्षेत्र के सोंसरी गांव में घाघरा नदी का जल स्तर कम होने के साथ कटान क्रम शुरू हो गया। कटान के कारण क्षेत्र की कई बीघा जमीन नदी में समा गई।

बैराजों से छोड़ा गया पानी

शुक्रवार को बनबसा बैराज से 67 हजार 84 क्यूसेक। गिरजा बैराज से 1 लाख 60 हजार 287 क्यूसेक। शारदा बैराज से 1 लाख 38760 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

chat bot
आपका साथी