ऋषियों की धरा पर 'सरकार', उपलब्धियों के सहारे जय-जयकार

मिलिट्री मैदान पर मंत्रियों के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों ने भी गिनाईं उपलब्धियां।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 11:44 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 11:44 PM (IST)
ऋषियों की धरा पर 'सरकार', उपलब्धियों के सहारे जय-जयकार
ऋषियों की धरा पर 'सरकार', उपलब्धियों के सहारे जय-जयकार

सीतापुर : मिलिट्री मैदान पर आयोजित अवध क्षेत्र बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को भाजपा के मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों ने भी संबोधित किया। वहीं, कार्यक्रम स्थल के बाहर भी काफी उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ता जय श्रीराम और भारत माता के जयकारे लगाते रहे। शहर में इसकी गूंज सुनाई दी।

प्रदेश महामंत्री गोविद नारायण शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखा। किसानों के खाते में सम्मान निधि भेजी गई। कहा कि रायबरेली में गांव के एक युवा ने बताया किसान निधि से उसने मोबाइल फोन खरीदा है। ऐसी न जाने कितनी ही जरूरतें भाजपा सरकार ने पूरी की हैं। समाज कल्याण मंत्री रमापति रामशास्त्री ने कहा कि मैं भगवान श्रीराम के पड़ोस से आया हूं, जब भगवान राम को वनवास हुआ था, तब वह किसी सेठ, व्यापारी के घर नहीं गए। वह केवट, कोल, भील, वानर, हनुमान, अंगद व शबरी के पास गए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय का भी कहना था रामराज्य के लिए अंतिम पायदान के व्यक्ति के पास जाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वहीं काम कर रहे हैं।

कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के पहले सपा के नेताओं का दबदबा चलता था। बहू-बेटियों की इज्जत खतरे में थी। आमजन की कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। भाजपा सरकार बनने के बाद से अब गुंडे थर-थर कांपते हैं। जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस तो घोटालों की पार्टी है। उन्होंने घोटालों के नाम भी गिनाए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि बीजेपी का सिद्धांत है सरलता, विनम्रता व सहजता। इसी के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी की सरकार काम करती है।

कार्यक्रम का संचालन अमर पाल मौर्या ने किया। इस मौके पर भाजपा संगठन प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध शेष नारायण मिश्र, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी, कौशल किशोर, मंत्री मुकुट बिहारी, पल्टूराम, राज्यसभा सांसद अशोक वाजपेयी, लल्लू सिंह, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद रेखा वर्मा, राजेश वर्मा, अशोक रावत सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवध ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

प्रत्येक द्वार पर महिला कार्यकर्ताओं ने की पुष्पवर्षा :

कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सभी द्वारा पर महिला कार्यकर्ताओं को खड़ा किया गया, जो भी कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे उनके ऊपर वह पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रही थीं। द्वारा के अंदर आने पर कार्यकर्ताओं पार्टी की टोपी, अंगवस्त्र दे रहे थे।

धूप में भी नहीं कम हुआ कार्यकर्ताओं का जोश :

धूप तेज थी, कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को खुले में बैठाया गया था। लोगों को गर्मी लग रही थी। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हो रहा था। कार्यकर्ता पूरे कार्यक्रम में डटे रहे और मध्य मध्य में जोशीले उद्घोष भी कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी