सियासी ब्रेकर न पार कर पाए फ्लाईओवर

सियासी ब्रेकर नहीं पार कर पाए फ्लाईओवर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Apr 2019 10:34 PM (IST) Updated:Sat, 20 Apr 2019 10:34 PM (IST)
सियासी ब्रेकर न पार कर पाए फ्लाईओवर
सियासी ब्रेकर न पार कर पाए फ्लाईओवर

सीतापुर: उन्हें शहर की शान बनना था। इससे न केवल शहर का रुतबा बढ़ता बल्कि बाहर से गुजरने वालों को भी सीतापुर की चमक नजर आती। काम शुरू हुआ फिर बंद हो गया। आपको बता दें कि आज हम बात शहर में बाईपास पर बने अधूरे फ्लाईओवरों की कर रहे हैं। सच पूछा जाए तो अब ये अधूरे फ्लाईओवर बस मुंह चिढ़ाने भर को रह गए हैं। इससे न केवल रफ्तार पर ब्रेक लगती है बल्कि शहर के विकास कार्यों पर भी 'दाग' सा झलकता है। ऐसे में सवाल यही उठता है कि आखिर लोगों को सहूलियत देने के मकसद से बन रहे ये फ्लाईओवर 'सियासी ब्रेकर' कब क्रॉस कर पाएंगे। शहर से निकले बाईपास पर बहुगुणा चौराहे से हाईवे, आरएमपीपीजी कॉलेज पर हाईवे तथा नवीन चौक के पास तीनफ्लाईओवर बनना शुरू हुए थे। इन फ्लाईओवरों को बनाने का मकसद यही था कि हाईवे से गुजरने वाली गाड़ियां रफ्तार से निकलें और शहर आने जाने वालों को भी कोई कठिनाई न हो। पर, साल दर साल गुजरते जा रहे हैं और ये प्रोजेक्ट आगे बढ़ ही नहीं पा रहे हैं। इससे लोगों को भी मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। सबसे पहले आरएमपी के आगे हाईवे जाने वाले मोड़ पर यात्रियों का दर्द समझ लीजिए। कनवाखेड़ा रोड पर कई शैक्षणिक संस्थान हैं। इनमें शहर के हजारों परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। कनवाखेड़ा रोड से शहर आने के लिए गाड़ियों को हाईवे पर भी आना पड़ता है। कई बार अब एक साथ कई गाड़ियां पास होती हैं तो जाम लग जाता है। इससे नेशनल हाईवे से गुजरने वालों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दरअसल, इन शैक्षणिक संस्थानों में सिर्फ स्कूली बच्चे ही नहीं आते बल्कि सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षाएं होती हैं। इनमें प्रतिभाग करने के लिए दूरदराज से लोग यहां आते हैं और जाम में फंसकर परेशान होते हैं। इसी तरह शहर के आसपास बसे गांवों से भी लोग यहां पर काम करने के लिए आते हैं और कई बार परेशान होते हैं। फ्लाईओवर के लिए हुए मिट्टी पटान पर अब घास उग आई है। इस पर बेसहारा मवेशी घूमा करते हैं। हादसे की आशंका

हाईवे पर आरएमपी मोड़ के पास तो काफी खतरा रहता है। दरअसल, इसमें कनवाखेड़ा की तरफ से आने वाले वाहनों को कई बार हाईवे से गुजर रहीं गाड़ियां नहीं दिखाई पड़ती हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। इसी तरह बहुगुणा चौराहा और नवीन चौक के पास भी लोगों को परेशानी होती है। दो पुल भी पड़े हैं अधूरे

शहर के पास से गुजरने वाले इस बाईपास पर दो पुल भी अधूरे पड़े हैं। इनमें एक पुल तो सरायन नदी पर पड़ता है। यह गंगाधर मिश्र नगर क्रॉस करने के बाद सरायन नदी पर पड़ता है। दूसरा पुल इलसिया के आगे खगेसियामऊ के पास पड़ता है। इस तरह फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों को इन पुलों पर टू लेन से ही गुजरना पड़ता है। यह भी कई बार जाम का कारण बनता है। क्या चाहे जनता

गंगाधर मिश्र नगर के निवासी शिवाकांत बाजपेयी कहते हैं कि काफी समय गुजर गया। ये फ्लाईओवर हवा में ही लटके हैं। कई बार लोग हड़बड़ी में यहां पर गिर भी पड़ते हैं मगर, जिम्मेदारों का इससे कोई सरोकार नहीं। यहीं पर डेयरी चलाने वाले जमील कहते हैं कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। कई साल हो गए। ये पुल (फ्लाईओवर) ऐसे ही अटके हैं। इन्हें जल्द बनाया जाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी