सत्ता भोगने के लिए नहीं, देश सशक्त बनाने को भाजपा सरकार : राजनाथ

अवध क्षेत्र के 15 जिलों के बूथ कार्यकर्ताओं में रक्षामंत्री ने भरा जोश। बोले- योगी का नाम सुनते ही बढ़ जाती गुंडों और माफिया की धड़कन।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 11:56 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 11:56 PM (IST)
सत्ता भोगने के लिए नहीं, देश सशक्त बनाने को भाजपा सरकार : राजनाथ
सत्ता भोगने के लिए नहीं, देश सशक्त बनाने को भाजपा सरकार : राजनाथ

सीतापुर : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारी पार्टी की विचारधारा उसूल हैं। भाजपा सत्ता भोगने के लिए नहीं, देश को सशक्त बनाने के लिए सरकार बनाती है। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल सरकार बनाने के लिए जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं लेकिन, भाजपा आंखों में आंखें डालकर काम करती है।

सीतापुर के मिलिट्री ग्रास फार्म पर गुरुवार को अवध क्षेत्र के 13 जिलों के 40 हजार से अधिक बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव फतेह का मंत्र देते हुए रक्षामंत्री ने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बर्तन में चावल पक रहा हो तो दो-चार दाने देखकर ही अंदाजा लग जाता है। कहा कि सीतापुर में उत्साह देखकर यह विश्वास हो गया है कि उत्तर प्रदेश में चावल पका है और भाजपा की दो तिहाई बहुमत से जीत सुनिश्चित है।

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि हमारे संकल्प पत्र में कोई ऐसी बात न आए, जिसे हम पूरा न कर सकें। हमने जो कहा, करके दिखाया। हमारी सरकार बनी तो धारा 370 समाप्त की गई। कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत कमजोर नहीं, ताकतवर देश बन गया है। रक्षामंत्री ने कहा कि सपा सरकार में मंत्रियों पर भ्रष्टाचार से दुष्कर्म तक के आरोप लगे। गुंडों-माफिया का बोलबाला था। अब योगी का नाम सुनकर तो गुंडों और माफिया की धड़कन बढ़ जाती है। कानून व्यवस्था बेहतर होने से लोग उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आ रहे हैं और यहां की धरती पर ब्रम्होस मिसाइल से लेकर एसाल्ट राइफल तक बनेगी। भाजपा से पहले जो अर्थव्यवस्था 11 लाख करोड़ की थी, अब 22 लाख करोड़ रुपये की हो गई है। ईज आफ डुइंग बिजनेस के लिए विदेशी एजेंसियों के सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश देश में छठे से दूसरे स्थान पर आ गया है। उन्होंने कृषि कानून वापसी को प्रधानमंत्री का बड़प्पन बताया। कहा कि हम किसानों को समझा नहीं पाए तो गोली चलाने वाले हालात भी पैदा नहीं कर सकते। हम किसानों को भगवान मानकर सम्मान के नजरिये से देखते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों और सपा में रामभक्तों पर गोलियां चलाईं हैं।

जिन्ना के बहाने सपा पर बरसे :

रक्षामंत्री ने कहा कि चुनाव आते ही भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार जिन्ना का जिन्न सपा निकाल लाई है। इसका विरोध मुस्लिम भाइयों ने भी किया है।

योगीजी धड़ाधड़ बल्लेबाजी करते जाओ..

रक्षामंत्री ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की उस तस्वीर की भी चर्चा छेड़ी, जिसमें मोदी योगी के कंधे पर हाथ रखे दिखाई दिए थे। वह बोले, प्रधानमंत्री कह रहे थे कि योगीजी धड़ाधड़ बल्लेबाजी करते जाओ, भाजपा को जिताओ..।

chat bot
आपका साथी