महिला और चिल्ड्रेन वार्ड में बेड फुल, बेंच व जमीन पर उपचार

एक बेड पर हो रहा दो-दो मरीज भर्ती। डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 May 2022 12:15 AM (IST) Updated:Wed, 18 May 2022 12:15 AM (IST)
महिला और चिल्ड्रेन वार्ड में बेड फुल, बेंच व जमीन पर उपचार
महिला और चिल्ड्रेन वार्ड में बेड फुल, बेंच व जमीन पर उपचार

सीतापुर : जिला अस्पताल के महिला और चिल्ड्रेन वार्ड के बेड फुल हो गए। एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार किया जा रहा है। हाल यह है कि मरीज लक्ष्मी का उपचार बेंच पर किया जा रहा है। सोमवार की दोपहर 1.30 बजे महिला वार्ड में जमीलुन और अफसाना का एक ही बेड पर उपचार किया जा रहा था। सुनीता और सुषमा भी एक ही बेड पर उपचाराधीन थी। वहीं लक्ष्मी को बेंच पर लिटाया गया था।

स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि वार्ड में मरीजों की संख्या की बढ़ी है। कुल बेड 41 हैं और मरीज अधिक। मजबूरी में एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती किया गया है। गर्मी की वजह से डायरिया के मरीज बढ़े हैं। वार्ड के बरामदे में चार पंखे नहीं चल रहे थे। तीमारदार, हाथ वाले पंखे से हवा करते दिखे। प्रभारी सीएमएस डा. डीके गंगवार ने बताया कि मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बेड के सापेक्ष अधिक मरीज आने पर एक बेड पर दो लोगों का उपचार किया जा रहा है।

अफसर खातून और तन्मय का एक ही बेड पर इलाज :

चिल्ड्रेन वार्ड में भी बेड से अधिक मरीज उपचाराधीन हैं। दोपहर के समय अफसर खातून और तन्मय का एक ही बेड पर इलाज किया जा रहा था। गंभीर हालत में मासूम निधि को लखनऊ रेफर किया गया। शिवांश के तीमारदार ने बताया कि उल्टी-दस्त से परेशान होने पर उसे भर्ती कराया गया है। चिल्ड्रेन वार्ड में कुल 27 बेड हैं। सोमवार की दोपहर तक सात बच्चों को भर्ती किया गया था।

गैलरी में तीमारदार हाथ के पंखे से चला रहे थे काम :

इमरजेंसी से सीएमएस कार्यालय जाने वाली गैलरी में पंखा नहीं लगा है। इस गैलरी में कई तीमारदार बैठे थे। गर्मी से बचाव के लिए हाथ के पंखे से हवा कर रहे थे। इमरजेंसी के सामने बेंच पर लेटे रवि के तीमारदारों ने बताया कि रवि को अभी भर्ती नहीं किया गया है।

chat bot
आपका साथी