बारिश से बढ़ी ठंड, तेज हवा से फसलों को भारी नुकसान

श्रावस्ती तराई में मौसम ने एक बार फिर शुक्रवार को करवट बदली।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 11:46 PM (IST) Updated:Sat, 22 Feb 2020 06:06 AM (IST)
बारिश से बढ़ी ठंड, तेज हवा से फसलों को भारी नुकसान
बारिश से बढ़ी ठंड, तेज हवा से फसलों को भारी नुकसान

श्रावस्ती : तराई में मौसम ने एक बार फिर शुक्रवार को करवट बदली। भोर में बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। तेज गति से पुरवा हवा चलने से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी दो दिन बादलों की लुका-छिपी के साथ हल्की बारिश के आसार बने हैं। बारिश के बीच तेज हवा चलने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सुबह लगभग तीन बजे आसमान पर बादल घिर गए। गरज व चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद तेज गति से हवा पूरे दिन चलती रही। इस दौरान रुक-रुककर कभी तेज बारिश तो कभी बूंदाबांदी होती रही। बारिश के बीच हवा का रुख तेज होने से खेतों में गेहूं की फसल गिर गई। इससे काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान तापमान में गिरावट होने से लोगों को कंपकंपी महसूस हुई। मौसम में बदलाव होने से सड़क से लेकर बाजार तक सन्नाटा रहा। लोग घर से बाहर निकलने से बचते रहे।

फसलों के लिए फायदेमंद है बारिश : जिला कृषि अधिकारी आरपी राना ने बताया कि हल्की बारिश रबी की फसलों के साथ फल-फूल व सब्जियों के लिए भी फायदेमंद है। बरसात से फसलों पर पाला गिरने से हो रहा नुकसान समाप्त हो जाएगा। किसानों ने भी हल्की बारिश को फसलों के लिए उपयोगी बताया। हालाकि फूल रही गेहूं, अरहर व मसूर की फसल के लिए बारिश को नुकसानदायक बताया जा रहा है।

यह रहा मौसम का हाल : शुक्रवार को दिन का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आद्रता अर्थात नमी का प्रतिशत 65 रहा। दिन में 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्वी व दक्षिणी-पूर्वी दिशा से हवा चलती रही।

chat bot
आपका साथी