बेटियों ने थामी जिले की कमान, सुनी शिकायतें

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर नारी सशक्तीकरण का दिया संदेश क्षेत्र भ्रमण कर पुलिस व प्रशासनिक व्यवस्था की देखी स्थिति

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 11:11 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 11:11 PM (IST)
बेटियों ने थामी जिले की कमान, सुनी शिकायतें
बेटियों ने थामी जिले की कमान, सुनी शिकायतें

श्रावस्ती : राष्ट्रीय बालिका दिवस व उप्र दिवस पर रविवार को जिले भर में विविध कार्यक्रम हुए। इस मौके पर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था की कमान मेधावी बेटियों ने संभाली। कलेक्ट्रेट स्थित तथागत सभागार में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाया गया। डीएम व एसपी की कुर्सी पर बैठ कर बेटियों ने लोगों की फरियाद सुनी। कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की सांकेतिक डीएम बनीं तेजस्वी सिंह तय समय पर कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने दूर-दराज क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद तथागत सभागार में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल देखे। नारी सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे शासन के कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जाना। इस दौरान डीएम टीके शिबु भी मौजूद रहे।

सांकेतिक एसपी की भूमिका में पुलिस कार्यालय पहुंचीं प्रज्ञा श्रीवास्तव का एसपी अरविद कुमार मौर्य, एएसपी बीसी दूबे, सीओ हौसला प्रसाद व महेंद्र पाल शर्मा ने स्वागत किया। पदभार ग्रहण के बाद सांकेतिक एसपी ने पुलिस कार्यालय में स्थापित सभी शाखाओं का भ्रमण कर कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद पुलिस कार्यालय में स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को दिया। महिला थाना व कोतवाली भिनगा का निरीक्षण भी किया। कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कई थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया। साथ मौजूद सीओ सांकेतिक एसपी को कानून व्यवस्था व पुलिस की तैयारियों से अवगत कराते रहे। इसी प्रकार अर्चिता यादव ने एडीएम, अंशिका सिंह ने सीडीओ, साक्षी पटवा ने डीआरएमओ, आरती देवी ने डीपीआरओ, रंजना पांडेय ने डीपीओ व रिचा पाठक ने डीएफओ की कमान संभाली। इकौना के स्वर्गीय श्यामता प्रसाद महिला पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। छात्राओं ने रेत पर बालिका का 10 फिट लंबा चित्र बनाकर नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। छात्राओं ने देश भक्ति गीत, सामूहिक नृत्य, फिल्मी गाने पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रबंधक सुरेंद्र चौधरी, प्राचार्य डॉ. सिम्मी तिवारी, वेद प्रकाश, माधुरी, प्रिया, शुभम, शिवांशी मौजूद रहीं।

खूब रो चुकी हैं बेटी, और न रुलाओ..

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कलेक्ट्रेट तथागत सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रावस्ती कल्चरल पार्टी के संचालक शाहिद रजा व उनकी टीम के लोकगीत खूब रो चुकी हैं बेटी और न रुलाओ, बेटी बचाओ, भैया बेटी पढ़ाओ की खूब प्रशंसा हुई। कलाकारों ने एक के बाद एक गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। तबले की थाप व ढोलक की गमक पर हुए आयोजन की लोगों ने सराहना की। इस मौके पर श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय, डीएम टीके शिबु, सीडीओ ईशांत प्रताप सिंह, डीपीओ मोहन त्रिपाठी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी