सोलह करोड़ से बदलेगी भिनगा नगर की सूरत

राज्य वित्त व 15वें वित्त आयोग की धनराशि से संवरेंगे वार्ड सड़क नाली पेयजल व प्रकाश की होगी चमाचम व्यवस्था

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 10:25 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 10:25 PM (IST)
सोलह करोड़ से बदलेगी भिनगा नगर की सूरत
सोलह करोड़ से बदलेगी भिनगा नगर की सूरत

श्रावस्ती : भिनगा नगर के सभी वार्ड अब चमचमाते हुए नजर आएंगे। वर्षों से विकास की बाट जोह रहे वार्डों की किस्मत बदलने वाली है। नवसृजित वार्डों के नागरिकों को सड़क, बिजली समेत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए शासन की ओर से बजट अवमुक्त किया गया है। राज्य वित्त आयोग की धनराशि से वार्डों का कायाकल्प किया जाएगा।

भिनगा नगर पालिका परिषद की आबादी लगभग 80 हजार है। 25 वार्डों में विभक्त भिनगा पालिका परिषद में परसीमन के बाद 10 नए वार्ड जुड़े हैं। यह वार्ड पूर्व में ग्राम पंचायतों का हिस्सा थे। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के बाद भी यहां के नागरिकों को ग्रामीण आबादी की भांति ही सुविधाएं उपलब्ध हैं। रास्तों पर कीचड़, प्रकाश का अभाव, टूटा खड़ंजा समेत नवसृजित वार्ड की अन्य समस्याओं को देख कर लगता ही नहीं है कि यह क्षेत्र नगरपालिका का हिस्सा है। कई वार्डों तक मूलभूत सुविधाएं भी नहीं पहुंच सकी हैं। विकास कार्यों के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। इसे हरी झंडी मिल गई है। राज्य वित्त व 15वें वित्त आयोग के मद से 16 करोड़ रुपये खर्च कर इस क्षेत्र का विकास कराया जाएगा।

यह हैं नवसृजित वार्ड

नगर पंचायत को वर्ष 2017 में नगर पालिका का दर्जा मिला। इस दौरान केशवनगर, पटेलनगर, कृष्णानगर, सुहेलदेव नगर, रूपननगर, अब्दुल कलामनगर, शास्त्रीनगर, गौतमबुद्धनगर, गांधीनगर, सुभाषनगर वार्डों को नगर क्षेत्र में शामिल किया गया। इससे पूर्व यह क्षेत्र ग्राम पंचायत का हिस्सा थे। यहां अभी भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

यह होना है काम

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अजय आर्य ने बताया कि वार्डों के विकास पर 16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पैसे से सड़क, नाली व प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी। विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। इसे अब अमलीजामा पहनाया जाना है। वार्डों में इंटरलाकिग सड़कें व जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण होगा। टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करवा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी