नगर पंचायत ही लगा रही नदी किनारे गंदगी का ढेर

शामली के जलालाबाद में नगर पंचायत स्वच्छता अभियान को खुद ही पलीता लगा रही है। काला वाला घाट मार्ग पर कृष्णा नदी किनारे कस्बे से निकलने वाली गंदगी का ढेर लगाया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 10:46 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 10:46 PM (IST)
नगर पंचायत ही लगा रही  नदी किनारे गंदगी का ढेर
नगर पंचायत ही लगा रही नदी किनारे गंदगी का ढेर

शामली, जागरण टीम। शामली के जलालाबाद में नगर पंचायत स्वच्छता अभियान को खुद ही पलीता लगा रही है। काला वाला घाट मार्ग पर कृष्णा नदी किनारे कस्बे से निकलने वाली गंदगी का ढेर लगाया जा रहा है। काफी गंदगी नदी में भी जाती है। साथ ही कूड़े के ढेर से उठती दुर्गध से कई गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है।

निकायों को केंद्र व राज्य सरकार ने निर्देशित किया हुआ है कि नदी किनारे गंदगी डालने वालों पर जुर्माना कार्रवाई की जाए, लेकिन यहां पर निकाय खुद ही नदी किनारे गंदगी के ढेर लगाकर उल्लंघन कर रहा है। कस्बे के उत्तरी छोर पर पूर्वी दिशा की ओर नदी के ऊपर से गुजरता काला वाला मार्ग उमरपुर संपर्क मार्ग से जुड़ा है। मार्ग से आसपास गांव इरशाद पुर माजरा, उमरपुर, किशोरपुर व अलीपुरा गांव के लोगों का आवागमन रहता है। वहीं, केंद्र व राज्य सरकार द्वारा निकायों को अधिकार दिए गए हैं कि नदी किनारे व आसपास क्षेत्र में गंदगी डालने वालों पर जुर्माना कार्रवाई कर रोक लगाई जाए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी निकायों को कड़े निर्देश जारी किए हुए हैं कि नदी किनारे व आसपास क्षेत्र में पौधारोपण किया जाए।

मूर्ति विसर्जन नदी किनारे तालाब बनवाकर कराया जाए। नदी में निकाय से निकल रहे गंदे पानी का वाटर ट्रीटमेंट कर ही प्रवाहित किया जाए, लेकिन नगर पंचायत इन सब निर्देशों का पालन कराने के बजाय खुद ही उल्लंघन कर रही है। कस्बे से निकलने वाला गंदगी कचरा काला घाट मार्ग के दोनों किनारों, कच्चा पुल के ऊपर रोजाना डाला जा रहा है। आसपास खेतों के किसान इंतजार चौधरी, नरेश, यामीन, अशोक, अनिल, इरशाद, फरीद व सुरेश का कहना है कि गंदगी के ढेरों से फैल रही बदबू से परेशान हैं। नगर पंचायत कर्मियों को कूड़ा यहां डालने से कई बार मना भी किया। गांवों के काफी लोग अब इस मार्ग से नहीं आते हैं और दूसरी लंबी दूरी के मार्ग का प्रयोग करने लगे हैं।

अधिशासी अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि डंपिग ग्राउंड की भूमि उपलब्ध हो गई है। अब गंदगी को डंपिग ग्राउंड में डालना शुरू किया जाएगा। कस्बे के नदी किनारे आसपास, संपर्क मार्गों पर नगर पंचायत का कूड़ा नहीं डाला जाएगा।

chat bot
आपका साथी