एटीएस ने खंगाला राज सिंह का खाता

खालिस्तानी आतंकी संगठन को हथियार सप्लाई करने वाले राज सिंह व साथी के पकड़े जाने के बाद एटीएस टीम ने राज सिंह व उसके परिजनों के खाते खंगालने शुरू किए हैं। राज सिंह के बैंक खाते में 15 हजार रुपये की संदिग्ध एंट्री मिली है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Nov 2019 10:52 PM (IST) Updated:Tue, 26 Nov 2019 06:02 AM (IST)
एटीएस ने खंगाला राज सिंह का खाता
एटीएस ने खंगाला राज सिंह का खाता

शामली, जेएनएन। खालिस्तानी आतंकी संगठन को हथियार सप्लाई करने वाले राज सिंह व साथी के पकड़े जाने के बाद एटीएस टीम ने राज सिंह व उसके परिजनों के खाते खंगालने शुरू किए हैं। राज सिंह के बैंक खाते में 15 हजार रुपये की संदिग्ध एंट्री मिली है। एटीएस का मानना है कि पंजाब में पकड़े गए लखबीर ने यह रकम भेजी है। अब खुफिया तंत्र दोनों युवकों के साथियों की तलाश में जुटा है। यह पता किया जा रहा है कि क्षेत्र के कौन कौन युवक इन दोनों के संपर्क में थे।

थाना बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर निवासी राज सिंह व आसिफ को मेरठ एटीएस ने गुरुद्वारा तिराहे के पास से एक पिस्टल, तमंचा व कारतूसों के साथ शनिवार को पकड़ा था। टीम ने गांव में राज सिंह के घर की तलाशी ली थी लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नही मिली थी। परिजनों से जानकारी जुटाई थी।

इसके बाद टीम ने राज सिंह व उसके पिता महावीर सिंह के पीएनबी के संयुक्त खाते, माता मूर्ति, भाई शिवकुमार व अन्य पारिवारिक सदस्यों के खातों की पासबुक, पहचान पत्र, आधार कार्ड की फोटो खींचकर अपने पास रख ली। शस्त्र अधिनियम के तहत थाना आदर्श मंडी में मुकदमा दर्ज हुआ था। रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था।

राज सिंह के बैंक खाते में पिछले दिनों 15 हजार रुपये आना पाया गया है। सूत्रों का कहना है कि यह रकम पंजाब में पकड़े गए लखवीर सिंह ने भेजी थी। अन्य सदस्यों के खातों में कोई संदिग्ध एंट्री नही मिली है। राज सिंह के बड़े भाई राजीव का कहना था कि राज सिंह पानीपत से धागे खरीदकर उनसे सामान तैयार करने के बाद पानीपत भेजता था। उसी कंपनी ने यह रकम भेजी थी। उसके संबंध किसी लखवीर से थे या नही, वह नहीं जानते।

मोहाली पुलिस को दी जानकारी

पुलिस ने बताया कि पंजाब के एसएएस नगर मोहाली पुलिस ने लखवीर सिंह को पकड़कर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में राज सिंह को फरार बताया गया था। दोनों के पकड़े जाने के बाद शामली पुलिस ने मोहाली पुलिस को सूचना भिजवाई है। बताया गया कि जल्द ही मोहाली पुलिस शामली पहुंचकर जानकारी जुटाएंगी। जेल में भी राज सिंह से पूछताछ हो सकती है।

जांच में जुटा खुफिया-सर्विलांस टीम

एसपी अजय कुमार ने बताया, जानकारी मिली है कि राज सिंह ने पंजाब में नौकरी लगवाने के लिए लखवीर को 50 हजार रुपये दिए थे। बाद में वह नौकरी छोड़कर आ गया था और अपने रुपये मांग रहा था। लखवीर को राज सिंह द्वारा पूर्व में दो तमंचे थानाभवन क्षेत्र से दिए जाने की जानकारी मिल रही है। इसका पता लगाने के लिए खुफिया व सर्विलांस टीम को भी लगाया है।

chat bot
आपका साथी