न्याय नहीं मिला तो बेटी के साथ करूंगी आत्मदाह

महुली थानाक्षेत्र के हरिहरपुर की गुड़िया पुलिस से मांग रही न्याय

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 11:42 PM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 11:42 PM (IST)
न्याय नहीं मिला तो बेटी के साथ करूंगी आत्मदाह
न्याय नहीं मिला तो बेटी के साथ करूंगी आत्मदाह

संतकबीर नगर : महुली थानाक्षेत्र के हरिहरपुर की गुड़िया की दहाड़ लोगों को हिलाकर रख दे रही है। अपनी तीन साल की बेटी अंकिता को गोद में लेकर वह आठ साल के मृतक बेटे शिवा के लिए न्याय मांग रही है। कोतवाली परिसर में मौसी और बहन के साथ पहुंची गुड़िया ने पुलिस वालों से कहा कि साहब मेरे बेटे की मौत हुई है। मुझे न्याय चाहिए। हमारे बेटे का शव तक नहीं दिया गया। उसके मामले की जांच भी नहीं हुई। यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कोतवाली में बेटी के साथ आत्मदाह कर लेगी।

बुधवार को कोतवाली परिसर में गुड़िया मौसी शकुंतला और बहन पूनम के साथ पहुंची थी। उसने बताया कि वह शहर के गौसपुर मोहल्ले में

मुखलिसपुर के सुजीत यादव के निर्माणाधीन मकान में 25 सितंबर को मजदूरी कर रही थी। उनके साथ उनका आठ वर्ष का बेटा शिवा भी था। इसी बीच उनका बेटा गायब हो गया। बहुत देर तक जब वह नहीं दिखा तो वह उसे ढूंढने लगी। बाद में इसकी सूचना 112 नंबर की पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर मकान मालिक और एक मजदूर ने बताया कि शिवा शौचालय के बने टैंक के पास खेल रहा था, शायद वह उसमें गिरा हो। बाद में जब टैंक में देखा गया तो उसका बेटा उसमें मृत पड़ा था। बेटे का शव देख वह पागल हो गई। इसी बीच उसके बेटे का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने पता नहीं किसे उसके बेटे का शव दे दिया। उसे बताया गया कि बेटे का अंतिम संस्कार हो गया। इतना ही नहीं पुलिस ने मामला भी रफा-दफा कर दिया। जब वह इस मामले में पुलिस के पास पहुंची तो उसे बताया गया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। गुड़िया ने कहा कि पहले पति की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की थी। उसने भी उसे छोड़ दिया। वह मायके में रह रही है। बेटा ही उसका आसरा था, वह भी छिन गया। अब वह किसके लिए जिदा रहे। पुलिस उसकी नहीं सुन रही है। उसे शक है कि उसके बेटे की हत्या हुई है। इसमें पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध है। यदि ऐसा नहीं होता तो इतनी बड़ी घटना के बाद उसके बेटे का शव उसे क्यों नहीं दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में भी कोतवाल कह रहे हैं कि अभी कुछ जानकारी नहीं है। उसके मामले की रिपोर्ट तक नहीं लिखी गई। यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह बेटी के साथ जान दे देगी।

पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। बच्चे की मौत कैसे हुई है, वह इसकी जांच करवाएंगे। यदि महिला तहरीर देती है तो मामला दर्ज होगा।

chat bot
आपका साथी