संतकबीर नगर में बुजुर्ग महिला का हाथ-पैर बंधा गठरी में मिला शव, चार घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

महिला का शव गठरी में मिलने से सनसनी फैल गई। उसके हाथ-पैर बंधे थे साथ ही उसके सिर पर भी चोट के निशान मिले। ऐसे में लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। उधर मामले की सूचना पर पहुंची बेलहर व बखीरा पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 19 Nov 2022 03:42 PM (IST) Updated:Sat, 19 Nov 2022 03:42 PM (IST)
संतकबीर नगर में बुजुर्ग महिला का हाथ-पैर बंधा गठरी में मिला शव, चार घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस। - जागरण

संतकबीर नगर, जागरण संवाददाता। संतकबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के झुड़िया पुल के नीचे एक बुजुर्ग महिला का शव गठरी में बंधा हुआ बरामद हुआ है। बखिरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के हाथ पांव रस्सी से बंधे थे। सिर पर चोट पर के निशान भी दिखाई दिए हैं। इससे लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। बेलहर व बखिरा के सरहद पर झुड़िया पुल स्थित होने के कारण घटना के चार घंटे तक दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अंत में बखिरा पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

यह है पूरा मामला

फूला देवी (68) पत्नी नरेश निवासी महदेवा थाना मेंहदावल का शव शनिवार की सुबह 10 बजे कुछ लोगों ने झुड़िया पुल के नीचे देखा। गठरी में शव बंधा होने के कारण केवल महिला का सिर दिखाई दे रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर बेलहर थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा व बखिरा थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पहुंच गए। सीमा विवाद के कारण दोनों थानों की पुलिस एक दूसरे की सीमा में शव के बरामद होने की बात कहती रही। दोपहर 2 बजे बखिरा पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया।

हाथ पांव बांधकर हत्या करने की आशंका

प्रथमदृष्टया देखने पर यह प्रतीत हुआ कि महिला का हाथ पांव बांधकर हत्या करके पुल के नीचे फेंका गया है। महिला के सिर पर चोट के निशान भी थे। बखिरा पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इस बिंदु की भी जांच हो रही है कि महदेवा से झुड़ियां तक शव को ठिकाने कैसे लगाया गया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। फिलहाल अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

क्या कहती है पुलिस

बखिरा थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच पड़ताल में जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या सहित सभी बिंदुओं की जांच में जुटी हुई है। जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी