मिशन कंपाउंड में दो हुक्का बार पर पुलिस का छापा

धड़ल्ले से चल रहे हुक्काबार पर देर शाम एसपी सिटी ने दो थानों की पुलिस टीम के साथ छापा मार दिया। शहर की पॉश कालोनी मिशन कंपाउंड में चल रहे हुक्का बार में पुलिस को देख अफरा-तफरी मच गई। बार संचालक ने आनन-फानन में हुक्का को रसोई व बाथरूम में छिपा दिया जिसे ढूंढ कर पुलिस ने जब्त कर लिया। दोनों बार से संचालक सहित तीन को हिरासत में लिया है। पुलिस कार्रवाई को देख मौके सैंकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई जिसकी वजह से जाम लग गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Mar 2019 10:40 PM (IST) Updated:Tue, 19 Mar 2019 10:40 PM (IST)
मिशन कंपाउंड में दो हुक्का बार पर पुलिस का छापा
मिशन कंपाउंड में दो हुक्का बार पर पुलिस का छापा

सहारनपुर: शहर में दो जगह चल रहे हुक्का बार पर एसपी सिटी ने दो थानों की पुलिस टीम के साथ छापा मारा। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई को देख मौके पर सैंकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और जाम लग गया।

मंगलवार शाम पौने आठ बजे एसपी सिटी विनीत भटनागर ने इंस्पेक्टर सदर बाजार पंकज पंत, इंस्पेक्टर महिला थाना सरिता सिंह व टीएसआई तेज प्रताप सिंह की टीम को साथ लिया। मिशन कंपाउंड में रॉयल रेस्टोरेंट पर छापा मारा। यहां कुछ युवक फ्लेवर्ड हुक्का गुड़गुड़ा रहे थे। पुलिस टीम को देख कर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा हुक्के जब्त कर दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद एसपी सिटी टीम को लेकर ऑर्गेनो रेस्टोरेंट पर पहुंचे। यहां युवक-युवतियां व कुछ फैमिली भी बैठी थीं। पुलिस को देख सभी दंग रह गए। संचालक ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वह यहां नहीं, शादी-समारोह में फ्लेवर्ड हुक्का का काम करता है। पुलिस टीम ने रसोई व बाथरूम में चेक किया तो वहां सुलग रहे पांच हुक्के मिले। इसके बाद तो एसपी सिटी का पारा चढ़ गया। संचालक से पूछा तो वह दाएं-बाएं फोन मिलाने लगा। पुलिस ने संचालक को हिरासत में ले लिया।

----

बोला संचालक, पुलिस की मदद से चलता है हुक्काबार

ऑरगेनो के संचालक ने चिल्लाते हुए कहा कि 'बिना पुलिस की

शह पर हुक्काबार नहीं चलता। मैं अकेला ही ऐसा नहीं हूं जो हुक्काबार चलाता हूं, शहर में दस से ज्यादा हुक्काबार चल रहे हैं। पुलिस व कुछ वाट्सएप पर खबर चलाने वाले महीने के महीने पैसे ले जाते हैं। हर मुश्किल से बचाने की जिम्मेदारी लेते हैं।'

---

500 रुपये घंटा है फीस

पुलिस ने हुक्काबार में मौजूद युवकों से पूछा तो वह बोले कि यहां 500 रुपये प्रति घंटा के हिसाब से हुक्का मिलता है। यहां बैठ कर हुक्का के साथ-साथ खाने-पीने की अन्य चीजें भी मिलती हैं।

----

इनका कहना है..

दो जगह रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्काबार चल रहा था। दोनों ही जगह से फ्लेवर्ड हुक्के मिले हैं। मौके पर 14-15 साल के बच्चे हुक्का व अन्य खाद्य पदार्थ भी सप्लाई करते हैं। श्रम विभाग को सूचना देकर इस संबंध में भी कार्रवाई करवाई जाएगी। साथ ही बिना लाइसेंस के तंबाकू बेचना व बार के रूप में तंबाकू पिलवाने के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

-विनीत भटनागर, एसपी सिटी।

chat bot
आपका साथी