अब नए कलेवर चलेगा मिशन शक्ति अभियान : कमिश्नर

मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान से मंडल की महिलाओं व बालिकाओं को एक ओर कानूनी अधिकारों सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है तो वहीं सुरक्षा सम्मान व स्वावलंबन की दिशा में उनके कदम तेजी से बढ़ रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 05 Apr 2021 11:19 PM (IST) Updated:Mon, 05 Apr 2021 11:19 PM (IST)
अब नए कलेवर चलेगा मिशन शक्ति अभियान : कमिश्नर
अब नए कलेवर चलेगा मिशन शक्ति अभियान : कमिश्नर

सहारनपुर, जेएनएन। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान से मंडल की महिलाओं व बालिकाओं को एक ओर कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है तो वहीं सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की दिशा में उनके कदम तेजी से बढ़ रहे हैं। इस अभियान की सफलता को देखते हुए शासन ने अप्रैल माह के बाद भी एक नये कलेवर में मिशन शक्ति अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया है।

मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि अप्रैल माह के बाद भी मिशन शक्ति अभियान को जारी रखने के लिए मंडल के तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को नया कलेवर देने के लिए महिलाओं और बच्चों के मुद्दों के लिए अलग-अलग कार्य योजनाओं को तैयार कर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत से क्षेत्रों में आज भी महिलाओं और बच्चों को भेदभाव व लैंगिक असमानता का शिकार होना पड़ता है। ऐसे में उनको उन स्थितियों से उबारने में प्रभावी संचार की बड़ी भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार माड्यूल तैयार किया गया है और मार्च माह में इसी माड्यूल के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया गया था। इन कार्यक्रमों में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के साथ सम्मिलित रूप से कार्य कर रहे हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत गत माह की थीम महिलाओं तथा बच्चों में सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार तय की गयी थी। इसके अलावा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं की पहचान कर उनकी सफलता की कहानियों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया गया ताकि अन्य महिलाओं के लिए वह प्रेरणा बन सकें। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मास्टर ट्रेनिग सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार माड्यूल के आधार पर दी गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हर जिले के बाल संरक्षण इकाई के एक-एक सदस्य, महिला शक्ति केंद्र से एक-एक सदस्य, हर जिले से चार-चार मुख्य सेविका को प्रशिक्षित किया गया।

chat bot
आपका साथी