ईदगाह में अकीदतमंदों ने किया सजदा

ईद-उल-अजहा पर ईदगाह में अकीदतमंदों किया सजदा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Aug 2019 11:24 PM (IST) Updated:Tue, 13 Aug 2019 06:26 AM (IST)
ईदगाह में अकीदतमंदों ने किया सजदा
ईदगाह में अकीदतमंदों ने किया सजदा

सहारनपुर जेएनएन। बकरीद पर अकीदतमंदों द्वारा ईदगाह सहित अन्य मस्जिदों में सजदा कर देश व दुनिया में अमन, शांति व सद्भाव की दुआ की गई। अंबाला हाइवे स्थित ईदगाह में सोमवार सुबह से ही बड़ी तादाद में अकीदतमंद जुटे। सुबह आठ बजे से पहले ही ईदगाह पूरी तरह से नमाजियों से भर गया था। इसके बावजूद नमाजियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। नमाज के वक्त सुबह 8.30 बजे तक कारगिल गेट, अंबाला रोड, मंडी समिति रोड, इस्लामिया कालेज रोड पर बड़ी संख्या में नमाजी सड़कों पर सफ बिछाकर नमाज की तैयारियों में जुट गए थे। नायब शहर काजी नदीम अख्तर ने ईदगाह में बकरीद की नमाज ने अदा कराई। इससे पूर्व खुतबे में उन्होंने कुर्बानी के कार्यो से किसी दूसरे की भावना को ठेस न पहुंचने तथा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के आह्वान किया। देश-दुनिया में अमनो अमान कायम रखने, आपसी भाईचारा व सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में बकरीद की नमाज सुबह 6.45 बजे कारी अरशद गोरा ने अदा कराई। इस दौरान प्रबंधक मौलवी फरीद मजाहिरी, प्रो. जलाल उमर, अनवर अली एम.शाहिद जुबैरी मो. नईम सहित बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे।

तिरंगा लेकर पहुंचे ईदगाह

बकरीद की नमाज के लिए कई युवा तिरंगा झंडा लेकर पहुंचे थे। बाद नमाज उन्होंने तिरंगे को लहराकर नारा-ए तकबीर व हिदुस्तान जिदाबाद सहित अनेक नारे बुलंद किए। साथ ही सरकार के कश्मीर के फैसले को सही करार दिया।

अलसुबहा शुरू हो गई थी तैयारियां

बकरीद के लिए घरों में अलसुबह से तैयारियां शुरू हो गई थी। नमाज के लिए लोग जहां नए वस्त्र पहनकर व इत्र की खुशबू से लबरेज होकर बकरीद की नमाज अदा करने निकले थे। वहीं घरों में तरह तरह के पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो गई थी। कुर्बानी के लिए लोग व्यवस्था में लगे थे, जबकि महिलाएं पकवान बनाने में लगी थी। ईदगाह में लोगों ने आपस में गले मिलकर बकरीद की बधाई दी। नमाज के बाद से घरों में कुर्बानियों का दौर शुरु हुआ।

बच्चों में दिखा खासा उत्साह

बकरीद की नमाज के लिए छोटे बच्चे सुंदर वस्त्रों में सजधज कर ईदगाह पहुंचे थे। बच्चों में नमाज को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा था। देशी विदेशी पोशाकों से अनेक बच्चे तो अपने पिता के कंधों पर सवार होकर पहुंचे थे।

मोहल्लों में उत्सव जैसा माहौल

बकरीद के अवसर पर मुस्लिम क्षेत्रों में पूरा उत्सव सा माहौल है। खाने पीने की दुकानों पर लोगों की भीड़ जमा थी। आजाद कालोनी, इंद्रा चौक, गाढ़ों का चौक, लक्खी गेट, पुरानी मंडी, मछियारान, हबीबगढ़, खाताखेड़ी, नूर बस्ती सहित अनेक क्षेत्रों में दुकानों से भारतीय व चायनीज व्यंजन पसंद बने थे। मंडी समिति रोड व आतिशबाजान में तो पशु मेले जैसे आलम था।

पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने दी मुबारकबाद

बकरीद की नमाज के बाद डीएम आलोक पाण्डेय, एसएसपी दिनेश कुमार, नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिह, एसपी सिटी विनीत भटनागर के अलावा कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगो को बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान पार्षद मंसूर बदर, बहार जुबैरी, हाजी रियाज, नासिर अहमद, राशिद अंसारी, चौ, रियाज, नय्यर जुबैरी, इमरान अंसारी, बिलाल अहमद, पीरजी इरफान आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी