आंधी से तबाही, टिन शेड के नीचे दबने से दंपती की मौत

क्षेत्र में शनिवार की आधी रात में आई आंधी ने ज्यादा कहर बरपाया। इसकी चपेट में आने से टिन शेड का एक मकान धराशाई हो गया। उसके मलबे में दबने से एक दंपती की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 30 May 2021 06:04 PM (IST) Updated:Sun, 30 May 2021 06:04 PM (IST)
आंधी से तबाही, टिन शेड  के नीचे दबने से दंपती की मौत
आंधी से तबाही, टिन शेड के नीचे दबने से दंपती की मौत

सहारनपुर, जेएनएन। क्षेत्र में शनिवार की आधी रात में आई आंधी ने ज्यादा कहर बरपाया। इसकी चपेट में आने से टिन शेड का एक मकान धराशाई हो गया। उसके मलबे में दबने से एक दंपती की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

गांव साढ़ौली भूड़ निवासी अतर सिंह (55) पुत्र फकीरा व उनकी पत्नी रेशमा टिन शेड के घर में सोये थे, जबकि इनके दोनों पुत्र राजू व राजवीर पास ही पक्के मकान में सोए थे। इसी बीच आंधी आई और फिर बारिश शुरू हो गई। राजू के अनुसार तेज हवा चलते ही परिवार के सभी सदस्य जाग गए। उसके पिता फोन पर थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव बिड़वी में अपने बहनोई से फोन पर बात करने लगे। इसी बीच हवा के तेज झोंके से टिन शेड की पीछे की दीवार गिरी और दोनों मलबे में दब गए। उसके शोर मचाने पर आपपास के लोगों ने दौड़कर जब तक दोनों को निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उधर, इसी गांव का राजन पुत्र जिले सिंह रात में मकान की छत पर सोया था। आंधी आने पर जब वह सीढि़यों से नीचे उतरने लगा तो हवा के झोंके से डगमगाकर वह नीचे गिरने से गंभीर घायल हो गया। उसे रात में ही सहारनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उधर, मकान के मलबे में दबकर दंपती की मौत की खबर पर एसडीएम दीप्ति देव यादव, सीओ रामकरण सिंह व इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए शासन द्वारा अनुमन्य सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। सपा के विधानसभा उपाध्यक्ष महक सिंह गुर्जर एवं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी