इलाज के दौरान महिला की मौत, मायके वालों ने कोतवाली में काटा हंगामा

मिलक (रामपुर) इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 11:41 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 11:41 PM (IST)
इलाज के दौरान महिला की मौत, मायके वालों ने कोतवाली में काटा हंगामा
इलाज के दौरान महिला की मौत, मायके वालों ने कोतवाली में काटा हंगामा

मिलक (रामपुर) : इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के मायके वाले कोतवाली पहुंचे। ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री के साथ मारपीट और उसका इलाज न कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। महिला के मायके वालों ने तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

गुरुवार कि सुबह 11 बजे रामनगर गांव के एक दर्जन से अधिक महिलाएं और पुरुष कोतवाली पहुंचे। इलाज के दौरान महिला की मौत का उसकी ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा काटने लगे। कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने हंगामा काट रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। रामनगर निवासी रामपाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी पुत्री की शादी तीन वर्ष पूर्व पटिया गांव निवासी एक युवक से की थी। शादी में उसने अपनी साम‌र्थ्य के अनुसार दान दहेज देकर पुत्री को ससुराल विदा किया था, लेकिन ससुराल वाले शादी में मिले दहेज को लेकर खुश नहीं थे और आए दिन उसकी पुत्री से दहेज में चार पहिया वाहन और तीन लाख नगद की मांग करते थे। पुत्री ने दहेज लाने से असमर्थता जताई। आठ जनवरी को उसके ससुराल वालों ने लात घूंसे से बुरी तरह मारा-पीटा, जिससे उसकी पुत्री को अंदरूनी गंभीर चोटें आई। पुत्री ने फोन कर उसे अपनी साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। वह पुत्री के ससुराल पहुंचा और उसका इलाज कराने के लिए कहा। पहले तो ससुराल वाले इलाज कराने से इनकार करते रहे। रिश्तेदारों के द्वारा दबाव डालने पर वह बीमार पुत्री को मुरादाबाद के एक अस्पताल ले गए। जहां उसकी आंत का ऑपरेशन हुआ। पुत्री के ससुराल वालों ने मुरादाबाद के अस्पताल में इलाज बहुत महंगा होना कहकर अस्पताल में भर्ती उसकी बीमार पुत्री को छोड़कर वहां से फरार हो गए। मजबूरन वह अपनी पुत्री को बरेली लेकर आया और एक अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार की सुबह आठ बजे उसकी पुत्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसने पुत्री के पति सहित ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि, मृतक महिला के ससुराल वाले और मायके वाले दोनों ही बेहद निर्धन परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मृतक महिला के ससुराल वालों ने उसके बीमार होने पर उसका इलाज कराया। यहां तक कि उन्होंने महिला के इलाज के लिए अपनी दो बीघा जमीन भी बेच दी। लेकिन महिला को कोई गंभीर बीमारी थी, जिसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मृतक महिला के मायके वालों से उसके पोस्टमार्टम के लिए कहा गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस जांच के बाद विधिक कार्रवाई करेगी।

chat bot
आपका साथी