शादी से पहले लिए 15 लाख, फिर भी नहीं लाए बरात

28 नवम्बर को लगन की रस्म में 15 लाख रुपये नकद और अन्य सामान भी दिया था। रविवार शाम को बारात आनी थी। आरोप है कि सुबह लड़के का पिता पांच लाख रुपये और देने की मांग करने लगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 11:59 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 11:59 PM (IST)
शादी से पहले लिए 15 लाख, फिर भी नहीं लाए बरात
शादी से पहले लिए 15 लाख, फिर भी नहीं लाए बरात

रामपुर जेएनएन। दहेज लोभियों ने 15 लाख रुपये लेने के बाद भी बरात लाने से इन्कार कर दिया। वे पांच लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। रविवार शाम को बरात आनी थी और लड़की वाले बरातियों का इंतजार कर रहे थे लेकिन वे नहीं पहुंचे। लड़की वालों की सारी तैयारियां धरी रह गईं। बाद में लड़की के पिता ने थाने में तहरीर दी है।

थाना क्षेत्र के ग्राम गुजरैला की युवती का रिश्ता जुलाई में मुरादाबाद के मुहल्ला लाइनपार गायत्री नगर निवासी नरेश के बेटे सोनू के साथ तय किया था। इस दौरान रस्मों में लाखों रुपये खर्च किए थे। 28 नवम्बर को लगन की रस्म में 15 लाख रुपये नकद और अन्य सामान भी दिया था। रविवार शाम को बारात आनी थी। आरोप है कि सुबह लड़के का पिता पांच लाख रुपये और देने की मांग करने लगा। इस पर युवती के स्वजन लड़के उसके घर पहुंचे। वहां काफी मन्नतें करने के बाद भी उसने बरात लाने से मना कर दिया। आरोप है इस दौरान लड़के वालों ने उसे व उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी।

बरात शाम को आनी थी। लेकिन, बराती नहीं पहुंचे, जबकि लड़की वालों के घर पर तमाम रिश्तेदार जमा थे, जो बरात के आने का इंतेजार कर रहे थे। शाम तक बरात न आने पर लड़की के पिता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सोलंकी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी