दबका गांव में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में पथराव और फायरिग

रामपुर प्रधानी चुनाव खत्म होने के बाद अब गांवों में रंजिश निकलने लगी है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 10:26 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 10:26 PM (IST)
दबका गांव में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में पथराव और फायरिग
दबका गांव में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में पथराव और फायरिग

रामपुर : प्रधानी चुनाव खत्म होने के बाद अब गांवों में रंजिश निकलने लगी है। शहजादनगर थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन झगड़े की वारदात सामने आई। शुक्रवार को यहां दुर्गनगला गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। अब शनिवार को दबका गांव में दो पक्ष चुनावी रंजिश में आमने-सामने आ गए। हाथापाई और लाठी-डंडे चले। पथराव और अवैध असलहों से फायरिग भी की गई। झगड़े में दोनों ओर से करीब 10 लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस इसे लेनदेन का विवाद बता रही है।

दबका गांव में जिन दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, उनमें दोनों ही पक्ष प्रधानी का चुनाव हार गए थे। इस झगड़े की वजह मेहंदी हसन को बताया जा रहा है। उसने गांव के बाबू से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। बाबू ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था। लेकिन, मेहंदी ने उसे सपोर्ट करने के बजाय अख्तर अली लल्ला पक्ष को चुनाव लड़ाया। इससे मेहंदी पक्ष नाराज था। वह अपने रुपये वापस मांग रहा था। रुपये न देने पर धमका रहा था। इस पर मेहंदी ने अख्तर से मदद मांगी। अख्तर पक्ष ने मेहंदी के जरिए बाबू पक्ष को रुपये लेने के लिए बुलाया। बाबू का बेटा सद्दाम अपने कुछ साथियों को लेकर रुपये लेने पहुंचा तो दूसरे पक्ष ने उसे घेर लिया। मारपीट करने लगे। शोर शराबा सुनकर बाबू पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों ओर से मारपीट होने लगी। पथराव और फायरिग की गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। इस खूनी संघर्ष में बाबू, दानिश, पप्पू, बब्बू, इकरार हुसैन, सद्दाम, शन्नू, फुरकान, आसिफ आदि घायल हो गए। सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। शहजादनगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना रुपये के लेनदेन के विवाद में हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। जांच चल रही है। जो भी पक्ष घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्गनगला गांव में चुनावी रंजिश में पथराव व फायरिग के मामले में 13 गिरफ्तार

प्रधानी के चुनाव की रंजिश में शहजादनगर थाना क्षेत्र के दुर्गनगला गांव में शुक्रवार को दो भी पक्षों के बीच मारपीट, पथराव व फायरिग हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्राम दुर्गनगला में ग्राम प्रधान पक्ष जाफर और दूसरे पक्ष के आसिम के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। दोनों ओर से पहले मारपीट और लाठी-डंडे चले। बाद में पथराव और फायरिग हुई थी। सूचना पर जब पुलिस गांव पहुंची तो दोनों पक्ष के लोग मकानों की छत से एक दूसरे पर तमंचों से फायर एवं पथराव कर रहे थे। कुछ व्यक्ति एक-दूसरे के घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नही माने और दोनों पक्ष पुलिस पर ही हमलावर हो गये। इस पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। बाद में दोनों ओर के लोगों पर बलवा, जानलेवा हमला करने, मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

शहजादनगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों ओर से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दुर्गनगला के मोईन पुत्र रियाज, शाहिद पुत्र रियाज, आनिश पुत्र करामत अली, वाजिद पुत्र दिल्लन, इरफान पुत्र हिमायत अली, नवाब पुत्र सरदार, अकबर अली पुत्र वली अहमद, खलील अहमद पुत्र बदलू, शाकिब पुत्र जलील, महफूज अली पुत्र महमूद अली, फैजान अली पुत्र महमूद अली, अकरम पुत्र वली मोहम्मद, शाकिब पुत्र तालिब निवासी ग्राम डुंडई शामिल हैं। सभी को शनिवार को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी